शिमला में मिठाई की दुकान पर छापा, गुलाब जामुन की चाशनी में मिले काकरोच

HIGHLIGHTS
- बालूगंज बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया
- खाद्य विभाग की टीम ने गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था जांची
- सात खाद्य सैंपल प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए
शिमला। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने मंगलवार को बालूगंज बाजार में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त डॉ. विजया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच की। कमियां मिलने पर विभाग की ओर से कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान एक मिठाई की दुकान में गुलाब जामुन की चाशनी में काकरोच पाए गए।
खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से अनुपयुक्त मिलने पर करीब दो क्विंटल मिठाई को नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता व्यवस्था पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
प्रयोगशाला भेजे गए सात सैंपल
विभागीय टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए कुल सात सैंपल लिए। इनमें कलर्ड रसगुल्ला, बर्फी, मिल्क केक, घी और अन्य मिठाइयों के नमूने शामिल हैं। सभी सैंपलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने खाद्य कारोबारियों को एफएसएसएआई के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को कहा कि मिठाइयों में केवल अनुमत खाद्य रंगों का ही निर्धारित मात्रा में इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और सैंपलिंग का अभियान लगातार जारी रहेगा।
खाद्य पदार्थों की बिक्री पर निगरानी बढ़ी
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री पर निगरानी बढ़ा दी है। विभागीय टीम ने मंगलवार को सोलन शहर की अलग-अलग दुकानों से खाद्य पदार्थों के चार सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए भेजा।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच के दौरान दो खुले पनीर, एक बेसन की बर्फी और एक दूध का सैंपल लिया। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अतुल कायस्थ ने बताया कि यदि किसी सैंपल में खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत गुणवत्ता या मिलावट पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.