मुजफ्फरनगर में अवैध खनन रोकने पहुंची टीम से बदसलूकी, नायब तहसीलदार की गाड़ी घेरने का आरोप

HIGHLIGHTS
- नायब तहसीलदार ने जौली रोड से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा किया।
- बिलासपुर कट के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाया गया।
- ट्रैक्टर चालक ने फोन कर कई लोगों को मौके पर बुलाया।
मुजफ्फरनगर। अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने सोमवार सुबह करीब 10 बजे हंगामे की स्थिति बन गई। मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने के दौरान पुलिस की मौजूदगी में नायब तहसीलदार के साथ बदसलूकी किए जाने का आरोप है। बताया गया कि खनन से जुड़े लोगों ने नायब तहसीलदार की गाड़ी को घेर लिया और काफी देर तक उनका रास्ता रोके रखा।
सदर तहसील के नायब तहसीलदार पुलिस की मदद से जौली रोड से शहर की तरफ आ रही अवैध मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा कर रहे थे। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में बिलासपुर कट के पास पेट्रोल पंप के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाया गया। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक ने फोन कर कई लोगों को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि खनन से जुड़े लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में नायब तहसीलदार के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। इसी दौरान एक वाहन नायब तहसीलदार की गाड़ी के आगे खड़ा कर दिया गया। इस वाहन पर भारतीय किसान यूनियन का झंडा लगा हुआ था। वाहन आगे लगा दिए जाने के बाद नायब तहसीलदार का रास्ता रोक दिया गया।
इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। नायब तहसीलदार के चालक के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है। साथ ही दोनों को गाड़ी से बाहर निकालने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में नायब तहसीलदार की गाड़ी रोके जाने से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
घटना के बाद प्रशासनिक टीम और पुलिस ने स्थिति को संभाला। मामला अवैध मिट्टी खनन से जुड़ा होने के कारण कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.