एअर इंडिया फ्लाइट में तकनीकी खराबी, AC बंद, घंटों गर्मी में परेशान रहे यात्री

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर शनिवार को एअर इंडिया की दिल्ली-इंदौर फ्लाइट AI-2515 में तकनीकी खराबी के कारण भारी देरी हो गई। करीब पांच घंटे तक उड़ान प्रभावित रही, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान में एयर कंडीशनिंग भी बंद रही, जिससे गर्मी के कारण कई यात्रियों की तबीयत बिगड़ने लगी।
जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट सामान्य तौर पर दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से रवाना होकर 1:45 बजे इंदौर पहुंचती है। लेकिन तकनीकी समस्या के चलते उड़ान निर्धारित समय पर नहीं हो सकी। पहले इसके शाम तक रवाना होने की उम्मीद जताई गई, लेकिन लगातार देरी के बाद विमान आखिरकार शाम करीब 5:15 बजे उड़ान भर सका और लगभग 6:30 बजे इंदौर पहुंचा।
यात्रियों के मुताबिक, परेशानी की शुरुआत बोर्डिंग से पहले ही हो गई थी, जब गेट को दो बार बदला गया, जिससे भ्रम की स्थिति बन गई। विमान में बैठाने के बाद भी तकनीकी अनुमति नहीं मिलने के कारण फ्लाइट लंबे समय तक रनवे पर खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों को देरी की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे नाराजगी बढ़ती गई।
स्थिति बिगड़ने पर विमान को वापस टर्मिनल लाया गया। वहां उतरते ही यात्रियों ने एअर इंडिया के खिलाफ विरोध जताया और वैकल्पिक व्यवस्था या रिफंड की मांग की।
सोशल मीडिया पर भी यात्रियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। एक यात्री ने देरी और बार-बार समय बदलने को लेकर एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, जबकि दूसरे ने फ्लाइट के रद्द होने की जानकारी साझा की और व्यवस्थाओं की कमी पर नाराजगी जताई।
एअर इंडिया ने इन शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देरी परिचालन कारणों से हुई है और यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए उनकी टीम लगातार प्रयास कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.