BJP के रथ के सामने पहुंचे तेजस्वी, ऊपर से बरसने लगे पर्चे; बांकीपुर में प्रचार के आखिरी दिन हाईवोल्टेज ड्रामा

HIGHLIGHTS
- बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन भाजपा और राजद के रोड शो आमने-सामने आ गए।
- भाजपा कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के काफिले की ओर पंपलेट उड़ाए, हालांकि तेजस्वी ने कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी।
- 30 जुलाई को बांकीपुर सीट पर मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के आखिरी दिन मंगलवार को राजधानी पटना में चुनावी हलचल तेज हो गई। मतदान से पहले अंतिम दिन भाजपा, राजद और जन सुराज समेत सभी प्रमुख दलों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत लगा दी। जगह-जगह रोड शो और जनसंपर्क अभियान के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई।
भाजपा और राजद नेताओं के रोड शो आमने-सामने
पटना के सिटी सेंटर मॉल के पास उस समय चुनावी माहौल गर्म हो गया, जब भाजपा और राजद के रोड शो आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के समर्थकों की बड़ी संख्या में भीड़ मौजूद थी।
इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजद नेता तेजस्वी यादव के काफिले की ओर बड़ी संख्या में पर्चे (पंपलेट) उड़ाने शुरू कर दिए।
एक तरफ भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में रोड शो निकाला जा रहा था। प्रचार रथ पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रविशंकर प्रसाद, भोजपुरी अभिनेता एवं विधान परिषद सदस्य पवन सिंह और विधायक संजीव चौरसिया समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे।
वहीं दूसरी ओर राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रोड शो कर रहे थे। उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।
तेजस्वी यादव तक पहुंचे पंपलेट
दोनों काफिलों के आमने-सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव की ओर पंपलेट उड़ाने शुरू कर दिए। बताया गया कि मना करने के बावजूद कुछ कार्यकर्ता पर्चे उड़ाते रहे।
इस दौरान पवन सिंह ने तेजस्वी यादव को देखकर हाथ जोड़कर अभिवादन किया। वहीं रविशंकर प्रसाद ने भी नेता प्रतिपक्ष का अभिवादन किया। तेजस्वी यादव ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर जवाब दिया।
कई पंपलेट तेजस्वी यादव तक भी पहुंचे। हालांकि, इस दौरान तेजस्वी यादव मुस्कुराते नजर आए और उन्होंने कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी।
बाद में मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि इन लोगों की हरकतों से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इन्हें पहले ही नकार चुकी है और भरोसा जताया कि बांकीपुर की जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी।
आज खत्म हुआ चुनाव प्रचार
गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार मंगलवार शाम निर्धारित समय पर समाप्त हो जाएगा।
इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने पूरी ताकत झोंककर मुकाबले को और रोचक बना दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.