बदायूं में कच्छा-बनियान गिरोह का आतंक, परिवार को बंधक बनाकर 7 लाख की लूट

बदायूं जिले के इस्लामनगर कस्बे में मंगलवार देर रात उस समय दहशत फैल गई जब कच्छा-बनियान गिरोह ने एक घर को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हथियारों से लैस चार नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक जमकर मारपीट की और लगभग सात लाख रुपये की लूटपाट कर फरार हो गए।
पीछे के रास्ते से घर में घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार, यह घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र में बिल्सी-बिसौली रोड किनारे स्थित एक मकान में रात करीब 1:30 बजे हुई। पीड़ित परिवार का कहना है कि चारों बदमाश पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए। सभी के चेहरे ढके हुए थे और उनके पास तमंचे, लाठी-डंडे और धारदार हथियार मौजूद थे।
घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार को धमकाकर कब्जे में ले लिया और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
महिलाओं और बच्चे तक को नहीं बख्शा
बदमाशों ने गृहस्वामी नजाकत, उनकी पत्नी मिस्कीन, पुत्रवधु फिजा, देवरानी शबनम और डेढ़ साल के मासूम हमीद रजा तक पर हमला किया। इस दौरान घर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
इसके बाद आरोपियों ने पूरे घर की अलमारियां और बक्से खंगालकर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान समेट लिया।
करीब दो घंटे तक चला आतंक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बदमाश लगभग दो घंटे तक घर में मौजूद रहे और लगातार उत्पात मचाते रहे। वारदात के बाद वे पूरे परिवार को धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
इस घटना में नजाकत, उनकी पत्नी मिस्कीन और शबनम गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज दिया गया, बाद में हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ग्रामीण हृदेश कठेरिया समेत कई थानों की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए हैं, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.