टीवीके विधायक पर महिला कलेक्टर से अभद्र व्यवहार का आरोप, कांग्रेस सांसद ने की कार्रवाई की मांग

HIGHLIGHTS
- टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश पर कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर से कथित अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है।
- रिपोर्ट के मुताबिक, जिला कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
- कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने विधायक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने सोमवार को टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई। यह मांग उन खबरों के सामने आने के बाद की गई, जिनमें बताया गया कि कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर ने विधायक के खिलाफ पुलिस अधीक्षक (SP) को औपचारिक शिकायत दी है।
एक रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए टैगोर ने इस घटना को हैरान करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि विधायक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत बिना देरी के मामला दर्ज किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने तमिलनाडु सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर जिला कलेक्टर को न्याय दिलाने की अपील की।
टैगोर ने क्या कहा?
मणिक्कम टैगोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "द हिंदू में छपी जानकारी चौंकाने वाली है। चूंकि पीड़ित महिला अधिकारी ने खुद शिकायत दर्ज कराई है, इसलिए कल्लाकुरिची के विधायक अरुल विग्नेश के खिलाफ तुरंत कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए और बिना किसी देरी के कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पदों पर काम करने वाली महिला अधिकारियों की गरिमा और सुरक्षा बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। टैगोर ने जोर देकर कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसके पद या सत्ता के आधार पर कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता।
उन्होंने कहा, "सार्वजनिक पद पर काम कर रही महिला अधिकारी की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का कर्तव्य है। केवल सत्ता में होने के कारण किसी को भी कानून से छूट नहीं मिलनी चाहिए।"
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, "सरकार को तुरंत दखल देना चाहिए और यह सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए कि कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर को न्याय मिले।"
डीएमके सांसद कनिमोझी ने क्या कहा?
डीएमके सांसद कनिमोझी ने भी टीवीके विधायक पर अनुचित व्यवहार के आरोपों के मामले में पुलिस से शिकायत करने के लिए जिला कलेक्टर की सराहना की। साथ ही उन्होंने विधायक के खिलाफ कार्रवाई में कथित देरी को लेकर मुख्यमंत्री विजय से सवाल किया।
एक्स पर पोस्ट करते हुए कनिमोझी ने कहा कि जब जिला कलेक्टर के साथ विधायक के कथित व्यवहार की खबरें सामने आई थीं, तब उन्होंने इस मामले की जांच कराने और सरकार से कार्रवाई करने की मांग की थी।
उन्होंने लिखा, "जब ऐसी खबरें आईं कि टीवीके विधायक अरुल विग्नेश ने जिला कलेक्टर के साथ अनुचित व्यवहार किया है तो मैंने लगातार मांग की कि इसकी जांच होनी चाहिए और सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।"
कनिमोझी ने उन लोगों से भी सवाल किया, जिन्होंने इस मुद्दे को उठाने पर उनकी, दूसरे राजनीतिक नेताओं और डीएमके की आलोचना की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों को उठाने वालों पर ही राजनीति करने का आरोप लगाया गया।
उन्होंने कहा, "उस दिन जिन लोगों ने मुझसे, अन्य राजनीतिक नेताओं और डीएमके से सवाल किए थे और यहां तक कि महिलाओं की सुरक्षा के बारे में बात करने वालों पर भी राजनीति करने का आरोप लगाया था, वे आज क्या कहेंगे?"
सत्ताधारी पार्टी के विधायक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला कलेक्टर की तारीफ करते हुए कनिमोझी ने कहा कि उनका यह कदम कार्यस्थल पर उत्पीड़न का सामना करने वाली महिलाओं के लिए एक उदाहरण बनेगा।
सीएम विजय से पूछा- क्या विधायक के खिलाफ होगी कार्रवाई?
कनिमोझी ने विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री विजय से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री इस मामले में कोई कदम उठाएंगे या महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय अपनी पार्टी के साथी को बचाना ही उनकी प्राथमिकता रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.