ब्रेजा कार की मांग पूरी न होने पर बरात लौटाने का मामला, महिला आयोग ने दिए FIR के निर्देश

HIGHLIGHTS
- सोनीपत में 20 नवंबर को मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका में शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था।
- दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने आरोप लगाया कि ब्रेजा कार की मांग पूरी नहीं होने पर बरात वापस लौट गई।
- दुल्हन पक्ष ने शादी के लिए करीब साढ़े नौ लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक कराई थी।
सोनीपत। शादी के दिन ब्रेजा कार की मांग पूरी नहीं होने पर बरात वापस लौटने के मामले में हरियाणा महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं।
आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने साफ किया है कि दोनों परिवारों के बीच किसी भी तरह का समझौता होने के बाद भी मामले में सामने आए तथ्यों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
20 नवंबर को मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका में हुई इस घटना के संबंध में दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि गोहाना के गांधी नगर निवासी कुलदीप, जो दिल्ली पुलिस में तैनात है, के साथ उनकी बेटी का रिश्ता करीब छह महीने पहले तय हुआ था।
साढ़े 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार कराई थी बुक
सुभाष कुमार के मुताबिक, शादी के लिए उन्होंने करीब साढ़े नौ लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक कराई थी। हालांकि, आरोप है कि दूल्हा पक्ष ब्रेजा कार देने की मांग पर अड़ा रहा। मांग पूरी नहीं होने के चलते शादी किए बिना ही बरात वापस लौट गई।
अब दुल्हन के पिता ने कुलदीप पर एक और आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुलदीप ने अपनी पहली शादी की जानकारी भी उनसे छिपाई थी। पिता के अनुसार, अगर उन्हें पहले ही इस बारे में पता होता तो वह अपनी बेटी का रिश्ता उसके साथ नहीं करते। इस नए आरोप के बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ सकता है।
वाटिका में घूमते हुए कुलदीप का वीडियो आया सामने
इस घटना से जुड़ा कुलदीप का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह शादी समारोह के लिए तय वाटिका में घूमता नजर आ रहा है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि कुलदीप शादी से पहले यह देखने के लिए वाटिका पहुंचा था कि वहां उसकी मांग के अनुसार ब्रेजा कार खड़ी की गई है या नहीं।
कुलदीप ने आरोपों को बताया था निराधार
वहीं, कुलदीप ने अपने ऊपर लगाए गए दहेज मांगने के आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने न तो ब्रेजा कार की मांग की थी और न ही किसी तरह का दहेज मांगा था।
कुलदीप ने विवाद की वजह वाटिका में प्रवेश, कपड़े बदलने की व्यवस्था और आयोजन से जुड़े मुद्दों पर हुआ विवाद बताया था। उसने लड़की पक्ष पर उसे बंधक बनाए रखने का आरोप भी लगाया था। कुलदीप का कहना था कि वह अब भी शादी करने के लिए तैयार है।
पुलिस ने दोनों परिवारों को पूछताछ के लिए बुलाया
सेक्टर-27 थाना पुलिस ने इस मामले में दोनों परिवारों को पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच कर रही है।
महिला आयोग की तरफ से एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए जाने के बाद अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। उधर, दिल्ली पुलिस ने भी कुलदीप को निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.