कार्तिक पूर्णिमा पर पटना के गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मानर-झाल की थाप पर झूमे श्रद्धालु

HIGHLIGHTS
- कार्तिक पूर्णिमा पर पटना के सभी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
- नासरीगंज घाट पर सबसे ज्यादा श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे।
- श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।
पटना। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पटना के सभी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह की पहली किरण निकलने के साथ ही लोगों का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया। दीघा घाट, जहाज घाट, कालीघाट, एनआईटी घाट, बाबू साहब घाट, राजपूताना घाट, नासरीगंज, फक्कड़ महतो घाट, कचहरी घाट, शाहपुर और दाउदपुर घाट पर तड़के से ही गंगा स्नान करने वालों का जमावड़ा लगा रहा। इनमें सबसे ज्यादा श्रद्धालु नासरीगंज घाट पर पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना के बाद अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य किया। हालांकि, गंगा का जलस्तर घटने और मुख्य धारा के दूर चले जाने से कई घाटों पर स्नान करने के लिए लोगों को रेत के लंबे रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। वहीं, बाबू साहब घाट पर बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं होने से लोगों को परेशानी हुई। इस दौरान खासतौर पर महिलाओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
मानर और झाल की धुन पर गूंजे पारंपरिक गीत
गंगा स्नान के साथ ही घाटों पर धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। पीपा पुल घाट सहित आसपास के कई घाटों पर सुबह से ही मानर की थाप और झाल की झंकार सुनाई देने लगी। देवी-देवताओं और गंगा मैया से जुड़े पारंपरिक गीतों की धुन पर महिलाएं और पुरुष झूमते नजर आए। इसके साथ ही घाटों पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला भी जारी रहा।
कहीं ओझा-गुणी की गतिविधियां तो कहीं पूजा-पाठ
गंगा घाटों पर ओझा-गुणी से जुड़ी गतिविधियां भी लोगों के बीच आकर्षण और चर्चा का केंद्र बनी रहीं। पीली धोती पहने और हाथों में बेंत या डंडा लिए कुछ लोग खुद पर देवी-देवताओं के सवार होने का दावा करते हुए झूमते दिखाई दिए। उन्हें देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जमा रही। कई श्रद्धालु अपनी परेशानियों और समस्याओं को लेकर उनसे सवाल करते नजर आए।
कहीं हवन और पूजा-पाठ चल रहा था, तो कहीं मानर और झाल की धुन के बीच पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां हो रही थीं। आधुनिक समय में भी गंगा घाटों पर इन पुरानी परंपराओं की झलक देखने को मिली। कुछ लोग इन गतिविधियों को अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे थे, जबकि कई श्रद्धालु इन्हें अपनी पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और पूजा-पद्धति का हिस्सा मानते नजर आए।
घाटों पर सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन की तैनाती
कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर गंगा घाटों पर मेले जैसा माहौल बना रहा। स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे लोगों के साथ बच्चों ने भी खिलौनों और अन्य सामान की खरीदारी की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों को अलग-अलग घाटों पर तैनात किया गया था।
नगर परिषद के प्रभारी ईओ सह प्रशासक सिद्धार्थ हर्षवर्धन और सीओ दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से गंगा स्नान किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.