अमेरिका के मिनियापोलिस में अपार्टमेंट में गोलीबारी, दो लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- घटना बुधवार दोपहर मिनियापोलिस के मध्य इलाके में हुई।
- 911 पर शाम 4:30 बजे के ठीक बाद गोलीबारी की सूचना मिली थी।
- पुलिस अधिकारी करीब तीन मिनट बाद इमारत के अंदर पहुंचे।
मिनियापोलिस। अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस शहर के मध्य इलाके में बुधवार दोपहर एक अपार्टमेंट इमारत में गोलीबारी की घटना हुई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी के संदिग्ध की भी मौत हो गई।
मिनियापोलिस पुलिस के सार्जेंट गैरेट पार्टेन ने बुधवार शाम संवाददाता सम्मेलन में बताया कि तीन पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं। इनमें से दो अधिकारियों को गोली लगी है। हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर के अनुसार, तीनों अधिकारियों की हालत स्थिर है।
गोलीबारी में दो लोगों की मौत
पार्टेन ने बताया कि इमारत में गोली चलने की सूचना 911 पर शाम 4:30 बजे के ठीक बाद मिली। इसके तीन मिनट बाद पुलिस अधिकारी इमारत के अंदर पहुंचे, जहां उन्हें ऊंची इमारत में घायल लोग मिले।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने गोलियां चलने की और आवाजें सुनीं। आवाज का पीछा करते हुए वे ऊपरी मंजिल तक पहुंचे। वहां धुंध जैसी स्थिति बनी हुई थी, जिसके कारण उनकी देखने की क्षमता काफी सीमित हो गई थी।
पार्टेन ने कहा, ''यह बेहद दुखद घटना है और हमारी संवेदनाएं तथा प्रार्थनाएं उन परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं, जिन्होंने अपने लोगों को खोया है। हम घायलों, घायल अधिकारियों और उनके परिवारों के साथ भी हैं।''
उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की गोली लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। पार्टेन ने कहा कि गोलीबारी करने वाले व्यक्ति की मौत किस तरह हुई, यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका।
संदिग्ध को लेकर क्या बोले चश्मदीद?
जूलियस बेली अपने अपार्टमेंट की इमारत के बाहर बैठे थे, तभी उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी। उन्होंने एक व्यक्ति को पिस्तौल लिए देखा, जिसे वह इमारत के निवासी के तौर पर पहचानते थे। बेली ने बताया कि उन्होंने एक महिला को चीखते हुए सुना और तुरंत वहां से भागने लगे। उनके मुताबिक, उन्होंने आठ गोलियों की आवाज सुनी।
बेली ने कहा कि वह बंदूक लिए व्यक्ति को पहचानते थे, क्योंकि वह अक्सर अपना हथियार दिखाने के लिए जाना जाता था। उन्होंने बताया कि जून में इमारत में रहने के बाद से वह उस व्यक्ति से बचने की कोशिश करते रहे हैं। उन्होंने कहा, ''मैं समझ गया था कि वह परेशानी खड़ी कर सकता है।''
अपार्टमेंट में रहने वाले क्रिस मिलर ने बताया कि उन्होंने लगातार तेजी से गोलियां चलने की आवाज सुनी और सुरक्षा के लिए तुरंत बाहर भाग गए। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि वह उस व्यक्ति को जानते हैं जिसने गोलीबारी की। मिलर ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में उन्होंने गलियारे में एक व्यक्ति को हैंडगन के साथ देखा था और इसकी जानकारी इमारत के प्रबंधन को दी थी।
FBI और पुलिस ने संभाला मोर्चा
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में मिनियापोलिस कन्वेंशन सेंटर के पास एक अपार्टमेंट टावर की ओर पुलिस अधिकारियों को राइफल ताने हुए देखा गया। अधिकारियों ने लोगों को पास के घनी आबादी वाले लोरिंग पार्क इलाके से दूर रहने की चेतावनी दी।
मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य के अधिकारी स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर गोलीबारी की घटना से निपटने में मदद कर रहे हैं। FBI भी घटना पर कार्रवाई कर रही है।
FBI निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि एजेंसी स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए “जरूरी सभी संसाधन उपलब्ध कराएगी।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.