शहडोल में दो दर्दनाक हादसे, एक ही दिन में छह लोगों की मौत

शहडोल। पपौंध थाना क्षेत्र में शनिवार का दिन दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं के चलते शोक में बदल गया। कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई इन घटनाओं में कुल छह लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
महिला और तीन बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
हिरवार गांव में रहने वाली 32 वर्षीय अनिता सिंह और उसकी तीन बेटियों की मौत ने सभी को झकझोर दिया। जानकारी के अनुसार, अनिता घर पर अपनी बेटियों रितिका (7), कृष्णकुमारी (4) और अर्पिता (2) के साथ रहती थी, जबकि उसका पति वाहन चालक होने के कारण बाहर काम करता है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम अनिता ने कथित तौर पर पहले अपनी तीनों बेटियों को कीटनाशक पदार्थ पिलाया और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। कुछ समय बाद चारों की हालत गंभीर हो गई।
इसी दौरान एक बच्ची किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों तक पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया गया। चारों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
कुएं में गिरने से चाचा-भतीजे की मौत
इसी थाना क्षेत्र के बरा बघेलहा गांव में दूसरी घटना में खेलते समय दो मासूम बच्चों की जान चली गई। चार वर्षीय किशन कोल और उसका चार वर्षीय भतीजा सत्यम कोल घर के पास स्थित कुएं के आसपास खेल रहे थे, तभी दोनों अचानक कुएं में गिर गए।
ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल
एक ही दिन में हुई इन दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे पपौंध थाना क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। हिरवार और बरा बघेलहा गांवों में शोक का माहौल है और पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.