यूपी: कौशल किशोर ने भाजपा पर साधा निशाना, सरकारी स्कूल बंद करने का किया विरोध

HIGHLIGHTS
- आत्मसम्मान रैली का आयोजन पारख महासंघ के बैनर तले राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया गया।
- कौशल किशोर ने कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था से कर्मचारियों का शोषण हो रहा है।
- रैली में मोहनलालगंज विधायक अमरेश रावत समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
लखनऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पारख महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल किशोर रविवार को भाजपा पर हमलावर नजर आए। उन्होंने अपने संगठन पारख महासंघ के बैनर तले राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आत्मसम्मान रैली आयोजित की। रैली के दौरान उन्होंने सरकारी प्राइमरी स्कूलों को बंद किए जाने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था को लेकर गंभीर आपत्ति जताई।
सरकारी स्कूल बंद करने और आउटसोर्सिंग पर सवाल
कौशल किशोर ने कहा कि पूरे देश में करीब 90 हजार सरकारी स्कूल बंद किए गए हैं। उन्होंने इसे लोगों के आत्मसम्मान पर हमला बताया। उनका कहना था कि नौकरियों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों का शोषण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पारख महासंघ इसके खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगा। महासंघ आउटसोर्सिंग कर्मियों, कोटेदारों, शिक्षामित्रों, मजदूरों और शोषित वर्ग के आत्मसम्मान की लड़ाई लड़ेगा।
भाजपा छोड़ने की चर्चा को बताया विरोधियों की चाल
कौशल किशोर ने भाजपा छोड़ने की चर्चाओं को विरोधियों की चाल बताया। उन्होंने आत्मसम्मान रैली को गैर राजनीतिक बताया। हालांकि, रैली से इलाके के भाजपा नेताओं और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने दूरी बनाए रखी।
वहीं, मोहनलालगंज विधायक अमरेश रावत रैली में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पारख महासंघ सभी के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा।
रैली में विधायक जय देवी कौशल, विकास किशोर, श्वेता किशोर, ज्ञान सिंह, पूर्व पार्षद तारा चंद्र रावत और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राम विलास रावत सहित कई ब्लॉक प्रमुख, प्रधान और बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.