यूपी: प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को राहत, अक्तूबर के बिल में 5.24 फीसदी की होगी कमी

HIGHLIGHTS
- यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने मंगलवार को आदेश जारी किया।
- राहत ईंधन अधिभार यानी एफपीपीसीए के तहत दी गई है।
- बिजली की दर में प्रभावी तौर पर कमी आएगी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को अक्टूबर के बिजली बिल में राहत मिली है। ईंधन अधिभार यानी एफपीपीसीए के तहत उपभोक्ताओं को 5.24 फीसदी की राहत दी गई है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने मंगलवार को आदेश जारी कर दिया।
आदेश के बाद बिजली की दर में प्रभावी तौर पर 5.24 फीसदी की कमी आएगी। इससे प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को कुल करीब 424 करोड़ रुपये का लाभ मिलने की बात कही गई है।
लगातार चौथे महीने मिली एफपीपीसीए राहत
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि परिषद ने अक्टूबर में 5 फीसदी से अधिक एफपीपीसीए राहत मिलने की बात कही थी। पावर कॉरपोरेशन की ओर से जारी आदेश के बाद यह सही साबित हुई है।
उपभोक्ताओं को सितंबर में 7.93 फीसदी, अगस्त में 2.92 फीसदी और जुलाई में 4.43 फीसदी एफपीपीसीए राहत मिली थी। अक्टूबर की राहत के साथ यह लगातार चौथा महीना है, जब बिजली उपभोक्ताओं को एफपीपीसीए के जरिए लाभ मिला है।
नियामक आयोग के सामने उठाया गया था मामला
परिषद ने एफपीपीसीए से जुड़े इस मामले को उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के समक्ष मजबूती से रखा था। लगातार पैरवी और नियमानुसार गणना के प्रयासों के बाद उपभोक्ताओं को यह लाभ मिल रहा है।
परिषद का कहना है कि वह आगे भी एफपीपीसीए की गणना और उससे मिलने वाले लाभ पर नजर रखेगी। इसका उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को उनका वैधानिक लाभ समय पर मिलता रहे, यह सुनिश्चित करना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.