यूपी में पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश, नदी में फेंका शव; चार आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- 30 अगस्त की रात मुंहचुरवा घाट के पास हरिश्चंद्र का शव नदी में मिला था।
- पुलिस के मुताबिक ई-रिक्शा को भी हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी।
- घटना के बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सिद्धार्थनगर। ई-रिक्शा चालक हरिश्चंद्र हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने मामले में पत्नी माया देवी, उसके प्रेमी नियाज अहमद, इरशाद और अब्दुल्ला को नामजद करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने मंगलवार को पुलिस लाइंस सभागार में हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 30 अगस्त की रात मुंहचुरवा घाट, बूढ़ी राप्ती नदी रामनगर के पास कपियवा निवासी हरिश्चंद्र पुत्र रामगुलाम की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शव को नदी में फेंक दिया गया था।
ई-रिक्शा को भी हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद एसओजी और ढेबरुआ पुलिस की संयुक्त टीम जांच में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर तीन संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल इरशाद अपने दो साथियों के साथ दुधवनिया बुजुर्ग नहर के रास्ते धनौरा की तरफ जाने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने दुधवनिया बुजुर्ग पुल से नहर की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा किया। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर मुंहचुरवा घाट से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू के अलावा छह मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड और एयर इंडिया का एक टिकट भी बरामद हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.