खराब खाने को लेकर लखनऊ यूनिवर्सिटी में हंगामा, कुलपति कार्यालय पहुंचीं सैकड़ों छात्राएं

HIGHLIGHTS
- बुधवार को सैकड़ों छात्राएं प्रशासनिक भवन पहुंचीं।
- छात्राओं ने कुलपति कार्यालय के बाहर नारेबाजी की।
- मंगलवार को छात्रावास में भोजन परोसे जाने के बाद तबीयत बिगड़ने का आरोप है।
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के कैलाश छात्रावास में खराब भोजन के कारण कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का मामला बुधवार को गरमा गया। नाराज सैकड़ों छात्राएं विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित कुलपति कार्यालय पहुंचीं और वहां नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
छात्राओं ने मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए व्यवस्था में तुरंत सुधार की मांग की। छात्राएं देर रात तक धरने पर बैठी रहीं। उनका आरोप है कि मंगलवार को छात्रावास में परोसा गया भोजन खाने के बाद कई छात्राओं की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
छात्राओं ने भोजन में चूहों के मल, कीड़े और अन्य अपशिष्ट मिलने का भी आरोप लगाया। इस घटना के बाद छात्राओं में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि निरीक्षण के समय व्यवस्थाएं ठीक दिखाई जाती हैं, लेकिन बाद में हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं।
विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर से लेकर नवीन परिसर तक छात्र-छात्राएं भोजन की गुणवत्ता और मेस व्यवस्था के खिलाफ विरोध कर चुके हैं। छात्राओं का कहना है कि केवल निरीक्षण करने के बजाय नियमित निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की जरूरत है।
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने जिम्मेदार अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और मेस व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.