वायरल बयान पर ब्रजेश पाठक की सफाई, बोले- ई-रिक्शा नहीं भारत टैक्सी की बात कर रहा था

HIGHLIGHTS
- गांधी जयंती पर ब्रजेश पाठक गाजियाबाद में मौजूद थे।
- पत्रकारों ने उनसे वायरल वीडियो को लेकर सवाल किया।
- डिप्टी सीएम ने अपने बयान का पूरा वीडियो देखने की बात कही।
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने हालिया वायरल बयान को लेकर सफाई दी है। उन्होंने लोगों को रोजगार के तौर पर ई-रिक्शा चलाने की सलाह दी थी। इसी वीडियो को लेकर 2 अक्टूबर को गाजियाबाद में पत्रकारों ने उनसे सवाल किया। इस पर ब्रजेश पाठक ने लोगों से पूरा बयान देखने की बात कही।
क्या बोले ब्रजेश पाठक?
गांधी जयंती के मौके पर गाजियाबाद पहुंचे ब्रजेश पाठक से जब पत्रकारों ने उनके वायरल बयान के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा, "पूरा बयान सुनिए, मैं ई-रिक्शा नहीं भारत टैक्सी की बात कर रहा था। मेरे बयान को विपक्ष ने तोड़-मरोड़कर पेश किया है।"
जब पत्रकार ने दोबारा सवाल किया कि वीडियो में उन्होंने ई-रिक्शा के बारे में बात नहीं की थी, तो ब्रजेश पाठक लगातार यही कहते रहे, "मूल वीडियो देखिए, मूल वीडियो देखिए।"
भारत टैक्सी में मिलती है पार्टनरशिप: ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ने कहा कि उन्होंने 'भारत टैक्सी' के कार्यक्रम में इसके बारे में बात की थी। उनके मुताबिक, 'भारत टैक्सी' सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की एक बड़ी योजना है। इसमें टैक्सी मालिक ही सारथी या ड्राइवर बनता है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने युवाओं से अपना स्वरोजगार शुरू करने के लिए भारत टैक्सी से जुड़ने की बात कही थी। ब्रजेश पाठक ने बताया कि भारत टैक्सी एक ऐसी संस्था है, जिसमें पार्टनरशिप मिलती है और लोग शेयरहोल्डर भी होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनका मूल वीडियो देखा जाए तो स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
वायरल वीडियो में क्या था?
ब्रजेश पाठक के पुराने वायरल वीडियो में उन्हें बेरोजगारों को नौकरी के पीछे न भागने की सलाह देते हुए देखा गया था। वीडियो में वह कहते नजर आ रहे थे कि अपना चार घंटे ई-रिक्शा चलाएं और दोपहर में लड़के-बच्चों के साथ रहें।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने युवाओं को नौकरी के बजाय रिक्शा चलाने की सलाह दी थी। उन्होंने रिक्शा लेने और उससे पैसे कमाने की बात कही थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.