बाराबंकी: भाजपा विधायक का दावा- यूपी में बनेंगे 20 नए जिले, उच्च स्तर पर मंथन जारी

HIGHLIGHTS
- विधायक दिनेश रावत ने जीआईसी पोखरा के कार्यक्रम में यह जानकारी दी।
- उन्होंने बताया कि पार्टी फोरम में कई प्रस्ताव पहुंच चुके हैं।
- हैदरगढ़ को जिला बनाने के लिए कई स्तरों पर प्रस्ताव दिए गए हैं।
बाराबंकी। हैदरगढ़ से भाजपा विधायक दिनेश रावत ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रदेश में 20 नए जिले बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा इस प्रस्ताव पर उच्च स्तर पर विचार कर रही है। विधायक ने यह बात बाराबंकी के जीआईसी पोखरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही।
दिनेश रावत ने दावा किया कि पार्टी फोरम में इस संबंध में कई प्रस्ताव पहुंच चुके हैं। उन्होंने अपनी विधानसभा क्षेत्र हैदरगढ़ को भी जिला बनाने की मांग रखी है। इसके लिए मुख्यमंत्री, रक्षा मंत्री और गृह मंत्री से मुलाकात कर प्रस्ताव दिए गए हैं। विधायक के मुताबिक, हैदरगढ़ के जिला बनने के बाद वहां कलेक्ट्रेट स्थापित होगा और इसे लोकसभा क्षेत्र भी बनाया जाएगा। नए जिले का नाम बाबा औसानेश्वर नगर रखा जाएगा।
विधायक ने बताया कि गोमती नदी हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में करीब 40 किलोमीटर तक गुजरती है। आजादी के बाद इस नदी पर सिर्फ पांच पुल थे। मौजूदा सरकार ने पांच और नए पुलों के निर्माण को मंजूरी दी है। इनमें तीन पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दो अन्य पुलों के लिए धनराशि भी जारी कर दी गई है।
दिनेश रावत ने बताया कि हैदरगढ़ में एक रेलवे ओवरब्रिज को भी मंजूरी मिल चुकी है। इसके अगले एक साल में आम लोगों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध होने की उम्मीद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.