प्रयागराज: किन्नरों पर यात्री की पिटाई कर ट्रेन से फेंकने का आरोप, पैर टूटा

HIGHLIGHTS
- घायल यात्री की पहचान रवि कुमार के रूप में हुई है।
- रवि कुमार बिहार के रोहतास जिले के सकरौली गांव के रहने वाले हैं।
- वह शिप्रा एक्सप्रेस से मध्य प्रदेश के दमोह जा रहे थे।
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के शंकरगढ़ स्टेशन पर शुक्रवार को एक यात्री युवक के साथ मारपीट कर उसे ट्रेन से नीचे फेंकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किन्नरों ने यात्री की पिटाई की और उसे ट्रेन से नीचे फेंक दिया। हादसे में युवक का पैर टूट गया और उसे गंभीर चोटें आईं। रेलवे पुलिस घायल को स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्रयागराज रेफर कर दिया।
शंकरगढ़ स्टेशन से आगे मिली घायल अवस्था में
शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन से आगे तालापार गांव के पास एक यात्री के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी रीना यादव को मिली। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी आरपीएफ शंकरगढ़ चौकी प्रभारी गंभीर सिंह को दी।
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
सूचना मिलने के बाद गंभीर सिंह, राजेश सिंह और जीआरपी के सिपाही अनूप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
किन्नरों पर जबरन पैसे मांगने का आरोप
बताया जा रहा है कि बिहार के रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के सकरौली गांव निवासी रवि कुमार (18) पुत्र अनंत राम शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे शिप्रा एक्सप्रेस से मध्य प्रदेश के दमोह जा रहे थे। आरोप है कि शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेन के आगे बढ़ने के बाद तीन किन्नर वहां पहुंचे और जबरन पैसे मांगने लगे।
बैग छीनने का विरोध करने पर मारपीट
रवि के पैसे देने से मना करने पर आरोप है कि तीनों उसका बैग छीनकर जाने लगे। रवि ने अपना बैग वापस लेने का प्रयास किया। इसके बाद तीनों ने कथित तौर पर उसकी बुरी तरह पिटाई की। आरोप है कि ट्रेन रोककर उसे तालापार रोड की ओर गहरे गड्ढे और झाड़ियों में फेंक दिया गया।
दमोह में हार्वेस्टर चालक है घायल
आसपास के लोगों ने ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी को घटना की जानकारी दी। घायल युवक मध्य प्रदेश के दमोह में हार्वेस्टर चालक है और वहीं जा रहा था।
घटना के बाद यात्रियों में आक्रोश देखा गया। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने ट्रेनों में कथित तौर पर अवैध वसूली करने वाले किन्नरों और यात्रियों से अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों ने रेलवे अधिकारियों से ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.