उत्तराखंड: जंगल में घास काटने गई दो महिलाओं पर भालू का हमला, एक की मौत; दूसरी गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- सिदेली गांव की दो महिलाएं घास लेने जंगल गई थीं।
- बोगा जंगल में अचानक भालू ने दोनों पर हमला किया।
- बचने की कोशिश में दोनों चट्टान से नीचे गिर गईं।
पोखरी। विकासखंड पोखरी की नैल ग्राम पंचायत के सिदेली गांव में शुक्रवार सुबह जंगल में घास लेने गई दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सिदेली गांव निवासी चंद्रशेखर ने बताया कि उनकी पत्नी विमला देवी (55) और गांव की ही लक्ष्मी देवी (42), पत्नी गजेंद्र नेगी, शुक्रवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित बोगा जंगल में घास लेने गई थीं। दोनों महिलाएं जंगल में घास काट रही थीं, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू से बचने की कोशिश में दोनों महिलाएं चट्टान से नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायल महिलाओं को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद विमला देवी को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया।
तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर घायल महिला को हायर सेंटर पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर सेवा की व्यवस्था की गई थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद घायल महिला को एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर किया गया।
पीड़ित परिवार को मिलेगा नियमानुसार मुआवजा
सीएचसी पोखरी के चिकित्सक डॉ. सनी चौधरी और डॉ. मोहिनी ने बताया कि विमला देवी की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी, जबकि लक्ष्मी देवी भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
विमला देवी के शव का पोस्टमार्टम करने के लिए कर्णप्रयाग से डॉक्टरों की टीम सीएचसी पोखरी पहुंच रही है। घटना की सूचना मिलते ही केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं समेत वनकर्मी भी अस्पताल पहुंचे।
रेंजर कपिल गुसाईं ने बताया कि वन विभाग के कुछ कर्मचारियों को घायल महिला के साथ हायर सेंटर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही इलाके में वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाएगी। प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन और एसडीओ मोहन सिंह नेगी भी पोखरी पहुंच रहे हैं।
वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश
भालू के हमले की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग सीएचसी पोखरी पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में डर और आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से भालू की सक्रियता बनी हुई है। इससे जंगल जाने वाली महिलाओं और अन्य ग्रामीणों की जान पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने, प्रभावित इलाकों में तत्काल गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.