विनोद साहनी हत्याकांड पर अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- मंत्री को धरने पर बैठना पड़ रहा

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने विनोद साहनी हत्याकांड की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की।
- संजय निषाद के धरने को लेकर सपा अध्यक्ष ने सरकार पर निशाना साधा।
- अखिलेश ने यूपी में अपराध और अराजकता को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि स्थिति ऐसी बन गई है कि एक मंत्री को धरने पर बैठना पड़ रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार के सहयोगी दल के मंत्री को धरने पर बैठने के बजाय सरकार को डराना चाहिए। अगर भाजपा के सहयोगी दल का कोई मंत्री सरकार से बाहर जाने की धमकी दे दे तो हर बात मान ली जाएगी।
बता दें कि विनोद साहनी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद गुरुवार को केजीएमयू में धरने पर बैठे थे।
'भाजपा में निषाद समाज को मिलेगा सिर्फ विषाद'
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा में निषाद समाज को विषाद के अलावा कुछ नहीं मिलने वाला है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता सजातीयों के दंभ, घमंड और अहंकार के आपराधिक त्रिगुट के सहारे चल रही है। उन्होंने कहा कि इनके निशाने पर पीडीए है और उत्तर प्रदेश में अपराध तथा अराजकता चरम पर है।
सपा अध्यक्ष ने गोंडा में सपा से जुड़े बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज को मिलकर अपनी लड़ाई खुद लड़नी पड़ेगी।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने कुकर्मों में पुलिस को शामिल होने के लिए मजबूर किया है। उनके मुताबिक, इससे पुलिस की शक्ति और प्रभाव ही कम नहीं हुआ, बल्कि झूठे मुकदमों और एनकाउंटर का हिस्सा बनाकर पुलिस को हर तरह से भ्रष्ट भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि सत्ता के साथ रहने से उनकी इज्जत और रुतबा बढ़ता है, वे भी अब समझ चुके हैं कि भाजपा में दिखावे के लिए पद तो मिल सकता है, लेकिन सम्मान नहीं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के वर्चस्ववादी अपने प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए किसी की हत्या तक कर सकते हैं और किसी को जमीन पर बैठने के लिए मजबूर कर सकते हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों की पीड़ा बढ़ रही है, इसी वजह से पीडीए का विस्तार हो रहा है और पीडीए की एकता भी बढ़ रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.