मुजफ्फरनगर में दहेज विवाद से निकाह टूटा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दहेज की अतिरिक्त मांग के चलते एक निकाह समारोह अचानक टूट गया। आरोप है कि विवाह से ठीक पहले दूल्हे पक्ष ने 1.5 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग रख दी, जिसके बाद दुल्हन ने स्पष्ट रूप से निकाह करने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, खुसरोपुर रोड निवासी राशिद की 23 वर्षीय बेटी खुशनसीब का निकाह बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र निवासी शौकीन से तय था। बारात पूरे धूमधाम के साथ लड़की के घर पहुंची और रस्में शुरू हो गईं। लड़की पक्ष का कहना है कि पहले से एक लाख रुपये नकद देने और अन्य दहेज की व्यवस्था की सहमति बनी थी, जिस पर उन्होंने लगभग पांच लाख रुपये शादी की तैयारियों में खर्च किए थे।

आरोप है कि रस्मों के दौरान दूल्हा पक्ष ने थाली में रखे एक लाख रुपये के बावजूद अतिरिक्त 1.5 लाख रुपये नकद की मांग कर दी। इस मांग पर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और बातचीत विवाद में बदल गई।
इसी दौरान दुल्हन खुशनसीब ने साफ शब्दों में निकाह से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि वह ऐसे परिवार में शादी नहीं करेगी जहां रिश्ते की शुरुआत ही पैसों की मांग से हो। दुल्हन के फैसले के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।
मामले को शांत कराने के लिए परिजनों और ग्रामीणों ने कई घंटे तक पंचायत कर समझाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने निर्णय पर अडिग रही। करीब छह घंटे चली बातचीत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका और अंत में 80 लोगों की बारात बिना निकाह लौट गई।

स्थिति बिगड़ने पर रात करीब 10 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। दूल्हे शौकीन और उसके पिता को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। सूत्रों के अनुसार, कुछ समय के लिए दूल्हे को हवालात में भी रखा गया।
बाद में देर रात करीब दो बजे दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, जिसके तहत लड़की पक्ष को कुछ धनराशि लौटाने पर सहमति बनी। इसके बाद पुलिस ने दूल्हे और उसके पिता को छोड़ दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.