PM मोदी के वडोदरा कार्यक्रम का जबरदस्त क्रेज, 1 घंटे में फुल हुईं सीटें; 42 हजार वेटिंग

HIGHLIGHTS
- कार्यक्रम में 35 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास होगा।
- वडोदरा महानगर पालिका ने पहली बार निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया।
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद टिकट के साथ क्यूआर कोड भी जारी किया गया।
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंगलवार को वडोदरा में होने वाली जनसभा और उद्घाटन समारोह के लिए टिकट पहली बार 'बुक माई शो' के जरिए मुफ्त में बुक किए गए। कार्यक्रम को लेकर लोगों में इतना उत्साह रहा कि महज एक घंटे में सभी टिकट बुक हो गए। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान 35 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
एक घंटे में बुक हुए पीएम की जनसभा के टिकट
वडोदरा महानगर पालिका ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए पहली बार निजी डिजिटल प्लेटफार्म का इस्तेमाल करते हुए लोगों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया। 'बुक माई शो' पर रजिस्ट्रेशन शुरू होने के करीब एक घंटे के भीतर ही कार्यक्रम के सभी टिकट बुक हो गए।
करीब 42 हजार आवेदक अभी प्रतीक्षा सूची में हैं। कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था डिजिटल तरीके से की गई है। रजिस्ट्रेशन के बाद 'बुक माई शो' की ओर से टिकट जारी किया गया है। प्रवेश के समय प्रमाणीकरण के लिए क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया गया है।
35 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन
गुजरात भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डॉ. अनिल पटेल ने बताया कि एमएस यूनिवर्सिटी स्टेडियम की क्षमता 8-9 हजार लोगों की है। प्रधानमंत्री मोदी रैंप पर चलकर युवाओं से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह डॉक्टरों, इंजीनियरों, वकीलों, सीए और व्यवसायियों से भी बातचीत करेंगे।
इस कार्यक्रम के जरिए जेन-जी को आकर्षित करने का प्रयास भी किया जाएगा। इससे पहले वर्ष 2013 में हैदराबाद में मोदी का एक कार्यक्रम हुआ था, जिसमें प्रशंसकों ने पांच रुपये का टिकट खरीदकर भाग लिया था। इस टिकट से मिली राशि उत्तराखंड बाढ़ पीड़ितों को दी गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.