आगरा में दहेज को लेकर महिला की हत्या, वारदात के बाद पति फरार

HIGHLIGHTS
- मृतका की शादी करीब आठ साल पहले विवेक अग्रवाल से हुई थी
- परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही दहेज को लेकर विवाद चलता था
- किरण के पिता ने पहले भी पति के परिजनों और पुलिस से शिकायत की थी
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के पीलिपोखर गांव में सोमवार देर रात दहेज को लेकर एक महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के सिर पर भारी वस्तु से वार किया और फिर चाकू से उसका गला काट दिया। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया। मंगलवार सुबह पड़ोसियों को वारदात की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पीलिपोखर निवासी राजकुमार सिकरवार के बेटे विवेक अग्रवाल की शादी करीब आठ साल पहले एत्मादपुर के गांव चली निवासी विजेंद्र सिंह की बेटी किरण से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही दोनों के बीच दहेज को लेकर विवाद चलता रहा था। आरोप है कि विवेक अक्सर शराब के नशे में किरण के साथ मारपीट करता था।
मृतका के मायके वालों ने बताया कि किरण के पिता विजेंद्र सिंह ने कई बार विवेक के परिजनों और पुलिस से इसकी शिकायत की थी। दोनों परिवारों के बीच कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद का कोई समाधान नहीं निकल सका।
परिजनों के अनुसार, विवेक करीब एक महीने से घर से बाहर था और सोमवार शाम को ही वापस लौटा था। आरोप है कि देर रात घर पहुंचने के बाद उसने किरण के सिर पर भारी वस्तु से हमला किया और चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह रात में ही घर से फरार हो गया।
सुबह पड़ोसियों को हुई घटना की जानकारी
मंगलवार सुबह जब किरण घर से बाहर नहीं निकली तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सूचना के बाद एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह सर्किल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी ली।
मृतका के भाई ललित ने आरोप लगाया कि विवेक और उसके परिवार के लोग अक्सर किरण को दहेज के लिए परेशान करते थे। दहेज की मांग को लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन विवेक की मारपीट जारी रही।
किरण के दो बेटे हैं। इनमें पांच वर्षीय लक्ष्य और तीन वर्षीय चुन्नू हैं। मां की हत्या के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.