गाजीपुर में गरजे योगी आदित्यनाथ, अफजाल अंसारी को लेकर दिया बड़ा बयान

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी ने गाजीपुर में सपा सांसद अफजाल अंसारी पर निशाना साधा।
- योगी बोले- यूपी में अब दंगा नहीं, दंगाई जेल में हैं।
- सीएम ने गाजीपुर के सैनिकों और वीर अब्दुल हमीद के योगदान को याद किया।
गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र के सांसद अवैध शस्त्र लाइसेंस बनवाने में व्यस्त हों, वहां के भगवान ही मालिक हैं। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश में सब ठीक है, "नो दंगा"। उन्होंने कहा कि दंगाई अब जेल में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माफिया किसी के नहीं होते, वे समाज का खून चूसते हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने शुरुआत से ही तय कर लिया था कि दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब अपराधी किसी की बेटी की ओर गलत नजर उठाने से पहले डरते हैं, क्योंकि उन्हें कार्रवाई का डर रहता है।
सीएम योगी ने गाजीपुर को बताया वीरों की धरती
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में गहमर गांव का विशेष जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गहमर एशिया और देश का सबसे बड़ा गांव है और इसे 12 हजार फौजियों के गांव के रूप में जाना जाता है। उन्होंने बताया कि इस गांव में 12 हजार से अधिक सैनिक और सेवारत अधिकारी रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में गाजीपुर के सैनिकों का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। जिले के जवानों ने 1961, 1965 और 1971 के युद्धों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा कारगिल युद्ध और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों में भी गाजीपुर के सैनिकों ने योगदान दिया।
वीर अब्दुल हमीद का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की लड़ाई और भारत-पाकिस्तान युद्ध में वीर अब्दुल हमीद इसी गाजीपुर की धरती से थे। उन्होंने कहा कि गाजीपुर राष्ट्र रक्षा और साहित्य के क्षेत्र में हमेशा आगे रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने सवाल उठाया कि इतना गौरवशाली जिला आखिर गुमनाम क्यों हो गया था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गाजीपुर की पहचान को नुकसान पहुंचाया, सरकार ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने महाराज सुहेलदेव के नाम पर आयोजन नहीं होने दिए, जबकि सपा और कांग्रेस सालार और गाजी के नाम पर मेले आयोजित करते रहे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गाजीपुर के वास्तविक नायकों को सम्मान देने का काम कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.