अब गांव में ही बनेगा और अपडेट होगा आधार कार्ड, यूपी की 110 ग्राम पंचायतों में शुरू हुई सुविधा

HIGHLIGHTS
- पहले चरण में यूपी के छह जिलों की 110 ग्राम पंचायतों में आधार नामांकन और अपडेट की सुविधा शुरू हुई।
- ग्रामीणों को नाम, पता, मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट कराने के लिए शहर जाने की जरूरत नहीं होगी।
- प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से आधार केंद्र स्थापित करने की योजना है।
यूपी। आधार कार्ड बनवाने या उसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट कराने के लिए अब ग्रामीणों को शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने ग्राम पंचायतों को डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना के तहत पहले चरण में छह जिलों की 110 ग्राम पंचायतों में आधार नामांकन और अपडेट की सुविधा शुरू कर दी है।
इन केंद्रों के जरिए अब तक 75 हजार से ज्यादा आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
पंचायती राज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश की सभी 57,694 ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से आधार केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के पहले चरण में 5,000 ग्राम पंचायतों को इससे जोड़ा जा रहा है।
फिलहाल लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और बलरामपुर की 110 ग्राम पंचायतों में आधार सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए पंचायत सहायकों को आधार ऑपरेटर के तौर पर प्रशिक्षित किया जा रहा है।
अब तक 1,200 से अधिक पंचायत सहायकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वहीं, 179 ऑपरेटर आईडी सक्रिय हो चुकी हैं और 157 आधार मशीनें भी काम करने लगी हैं।
विभाग का उद्देश्य आने वाले समय में ग्राम पंचायतों को डिजिटल नागरिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित करना है, ताकि ग्रामीणों को अधिक से अधिक सरकारी सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो सकें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.