मुजफ्फरनगर में मुस्लिमों की सामाजिक संस्था मुत्ताहिदा महाज ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमेशा महिलाओं का आदर और सम्मान करती रही है। उन्होंने मनुस्मृति का हवाला देते हुए महिलाओं के प्रति न्याय की मांग उठाई।

शुक्रवार को ऑल इंडिया मुत्ताहिदा महाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाहनवाज आफताब ने डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजा। शाहनवाज आफताब ने कहा कि देश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान हमेशा बना रहा है। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश का गौरव बढ़ाने वाली महिला पहलवान लगभग एक महीना से जंतर मंतर पर धरना दे रही हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यौन शोषण के आरोप में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस बृजभूषण शरण को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

देश की सरकार द केरला स्टोरी दिखाकर भारतीय महिलाओं को आगाह कर रही है। लेकिन यौन शोषण का शिकार देश की गौरव महिला पहलवानों को न्याय दिलाने के प्रति उसमें उदासीनता नजर आ रही है। शाहनवाज आफताब ने कहा कि केंद्र सरकार को चाहिए कि वह तुरंत ही बृजभूषण शरण की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराकर महिला पहलवानों को न्याय की राह दिखाएं। इस दौरान महबूब आलम एडवोकेट, फैजयाब खान, हाजी मुनव्वर हुसैन, काजी नईम, अहमद, दानिश, जैद खान और शेर खान आदि रहे।