प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी आज कस्बे में 213 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने पहुंचे। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल समेत कई स्थानीय भाजपा नेता मौजूद हैं। डॉ संजीव बालियान ने कहा कि चरथावल-थानाभवन मार्ग का निर्माण होने से 20 से अधिक गांव के लोगों का आवागमन सरल होगा।
इससे पहले केंद्रीय राज्य मंत्री सुबह रामलीला मैदान स्थित सभास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मंच और अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री जितिन प्रसाद के कार्यक्रम में पहुंचने के बाद राज्य सेतु निगम की 28 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। मुजफ्फरनगर-चरथावल-थानाभवन मार्ग दस मीटर चौड़ा बनेगा। काटका और मंदौड़ के बीच गंगनहर पर बनने वाले सेतु का शिलान्यास किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि चुनाव में जरा सी चूक हुई तो देश भ्रष्टाचारियों के हाथ में चला जाएगा। भाजपा सरकार ने पिछले 9 साल में पूरी दुनिया में देश का मान बढ़ाने का काम किया है। अपने घोषणा पत्र में जो वायदे किए थे सब पूरे किए गए। कार्यकर्ताओं को घोषणा पत्र लेकर जनता के बीच जाना है। सपा, बसपा और रालोद के पास गिनाने के लिए कोई काम नहीं है।
कहा कि भाजपा सरकार ने गुंडागर्दी खत्म करने का काम किया है। सरकार ने जो घोषणाएं की थी वह निश्चित समय सीमा में पूरी की गई हैं। देश में एक कानून की जरूरत है। सरकार इस पर काम कर रही है। विकास कार्यों में कोई भेदभाव नहीं किया गया।
जितिन प्रसाद ने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जनता का धन है कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। जनता हमारी आंख-नाक और कान हैं।