मुजफ्फरनगर जिले में तितावी पुलिस ने देर रात गश्त के दौरान हुई मुठभेड़ में 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश अनुराग खोखर को घायल कर दिया और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो वाहन और असलहा बरामद किया। लगभग डेढ़ माह पूर्व जागाहेड़ी टोल पर हुई फायरिंग में भी घायल बदमाश शामिल था।

सीओ फुगाना नीरज कुमार ने बताया कि तिरपड़ी कट से बघरा मार्ग पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कार्पियो और आइ-20 गाड़ी संदिग्ध हालात में खड़ी दिखीं। जैसे ही पुलिस टीम करीब गई, वाहन में बैठे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें अनुराग खोखर दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया।

फायरिंग के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर काम्बिंग अभियान चलाया। इसमें पारस सहरावत उर्फ मालू और निखिल को गिरफ्तार किया गया। तीनों के पास से पिस्टल, दो तमंचे, कारतूस, स्कार्पियो और बिना नंबर की आइ-20 कार बरामद हुई। सीओ ने बताया कि घायल अनुराग पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, धमकी, मारपीट और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पारस सहरावत और निखिल पर भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अनुराग और उसके साथियों ने डेढ़ माह पूर्व जागाहेड़ी टोल पर एक जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवकों पर फायरिंग की थी। पीड़ित ओमकार ने बताया कि उनके पुत्र रमन मलिक और उसके साथी नितिन व आशीष पार्टी से लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें रोककर गोली चला दी थी। हमले में रमन और आशीष घायल हुए थे। इस मामले में पहले ही चार आरोपित को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

घायल अनुराग का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है। इस कार्रवाई में तितावी थानाध्यक्ष पवन चौधरी, उपनिरीक्षक रोहित कुमार, विकास कुमार, अभिषेक गुप्ता, हेड कांस्टेबल अनीस खान, गौरव राणा और कांस्टेबल नवीन भी मौजूद थे।