मिलन ढाबा हत्याकांड का 52 सेकंड का वीडियो आया सामने, 12 सेकंड में तीन लोगों को मारी गोली

HIGHLIGHTS
- मिलन ढाबा हत्याकांड के तीसरे दिन 52 सेकंड का CCTV वीडियो सामने आया।
- हमलावरों ने महज 12 सेकंड में दरवाजे के पास खाना खा रहे तीन युवकों पर गोलियां चलाईं।
- तीन युवकों की हत्या के बाद हमलावरों ने चौथे युवक हिमांशु को भी गोली मार दी।
रोहतक: मिलन ढाबा हत्याकांड को हमलावरों ने बेखौफ अंदाज में अंजाम दिया। वारदात के तीसरे दिन 52 सेकंड का वीडियो सामने आया है। इसमें दिखाई दे रहा है कि शूटर अचानक ढाबे के अंदर दाखिल हुए और दरवाजे के पास बैठकर खाना खा रहे बाबा गैंग के शूटर विनित, यश और रिंकू को महज 12 सेकंड में गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया।
सामने आए वीडियो में हमलावरों को वारदात के बाद बाहर निकलते देखा जा सकता है। उनके जाने के बाद बेरी निवासी हिमांशु डरकर ऊपर बने कमरे में जाकर छिप गया। इस दौरान एक शूटर की नजर उस पर पड़ गई। उसने अपने साथियों को आवाज देकर बुलाया। इसके बाद शूटर ऊपर पहुंचे और सन्नी रिटोलिया समझकर हिमांशु पर गोलियां बरसाईं, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
शूटरों के साथ बाहर निकलती दिखाई दी युवती
सामने आए शूटआउट के वीडियो में एक युवती भी बाहर जाती हुई नजर आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह वही युवती है, जिसने सन्नी रिटोलिया की मुखबिरी की थी। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
डीघल और रिटोली गांव से जुड़ा है चौहरा हत्याकांड
डीघल निवासी मन्नु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई रिंकू (27) गांव के युवक विनित और हर्ष उर्फ राजू के साथ रिटौली निवासी सन्नी के साथ रहता था। गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ की गांव के ही अंकित उर्फ बाबा और सन्नी से पुरानी रंजिश थी। अंकित फिलहाल जेल में है, जबकि उसका छोटा भाई सन्नी जमानत पर बाहर है।
शिकायत के अनुसार, बुधवार रात करीब एक बजे रिंकू, विनित और हर्ष अपने साथियों के साथ खरावड़ के पास स्थित मिलन ढाबे पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार होकर हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग के छह-सात हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने रिंकू, विनित और हर्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीनों के शव ढाबे के अंदर फर्श पर खून से लथपथ मिले।
इस गोलीबारी में बेरी निवासी हिमांशु की भी मौत हो गई। उसका किसी गैंग से कोई संबंध नहीं था। वह केवल खाना खाने के लिए ढाबे पर आया था।
50 से ज्यादा राउंड फायरिंग से ढाबे में मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे मिलन ढाबे पर 50 से अधिक लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान दो गाड़ियों में पहुंचे बदमाशों ने सन्नी गैंग के तीन युवकों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग से ढाबे में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
वहां खाना खा रहे लोगों और कर्मचारियों ने टेबलों के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। चार लोगों की हत्या करने के बाद हमलावर दोनों गाड़ियों में बैठकर दिल्ली की ओर फरार हो गए।
बाल-बाल बचा सन्नी, गलत पहचान में बेरी का हिमांशु मारा गया
पुलिस की जांच में सामने आया है कि तीन युवकों की हत्या करने के बाद हमलावर रिटौली निवासी सन्नी के बारे में पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान शक के आधार पर उन्होंने बेरी निवासी हिमांशु पर गोली चला दी।
गोली लगने के बाद हिमांशु जान बचाने के लिए होटल की पहली मंजिल पर सीढ़ियों के रास्ते भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और ऊपर पहुंचकर उसे भी गोली मार दी। इस तरह उसकी भी हत्या हो गई। वहीं, सन्नी हमलावरों के चंगुल से बच निकलने में कामयाब रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.