हरियाणा में कोल्ड स्टोरेज बनाने पर मिलेगा 4 करोड़ रुपये तक अनुदान, रीफर वैन खरीदने पर भी सहायता

HIGHLIGHTS
- हरियाणा में कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने पर 4 करोड़ रुपये तक अनुदान मिलेगा।
- नए और मौजूदा पात्र उद्यमों को पूंजीगत व्यय का 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
- रेफ्रिजरेटेड वैन यानी रीफर वाहन खरीदने पर 35 प्रतिशत तक सहायता मिलेगी।
हरियाणा में कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने पर प्रदेश सरकार की ओर से चार करोड़ रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। वहीं, रेफ्रिजरेटेड वैन की खरीद के लिए 30 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। कृषि, बागवानी और अन्य जल्द खराब होने वाले उत्पादों की कोल्ड-चेन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कोल्ड स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर और परिवहन के लिए रीफर वैन स्थापित करने की योजना शुरू की गई है।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. मित कुमार अग्रवाल की ओर से अधिसूचित यह नीति पांच साल तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत नए और मौजूदा पात्र उद्यमों को कोल्ड स्टोर, सीए रूम, एमए रूम और राइपनिंग चैंबर जैसी सुविधाएं विकसित करने के लिए पूंजीगत व्यय का 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। सब-प्राइम, प्राइम या फोकस क्षेत्रों में अधिकतम चार करोड़ रुपये, जबकि कोर या इंटरमीडिएट क्षेत्रों में अधिकतम ढाई करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी।
दो किस्तों में दिया जाएगा अनुदान
महिला, एससी, दिव्यांग, ट्रांसजेंडर, पूर्व सैनिक, अग्निवीर या विदेशी निवेशक वाले संयुक्त उपक्रमों को पांच प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन देने का प्रावधान है। हालांकि, इसके बावजूद अनुदान की कुल राशि निर्धारित अधिकतम सीमा से ज्यादा नहीं होगी। सहायता राशि का भुगतान 50-50 प्रतिशत की दो किस्तों में किया जाएगा।
पहली किस्त प्राप्त करने के लिए मंजूरी पत्र जारी होने के छह महीने के भीतर आवेदन करना होगा। इसके साथ ही कम से कम 50 प्रतिशत स्वयं का अंशदान और 50 प्रतिशत टर्म लोन खर्च किया जाना जरूरी है। दूसरी किस्त पहली किस्त मिलने के आठ महीने के भीतर वाणिज्यिक उत्पादन शुरू होने के बाद प्रतिपूर्ति के आधार पर दी जाएगी।
रीफर वैन की खरीद पर 30 लाख रुपये तक सहायता
खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को नए रीफर वाहन खरीदने पर प्रतिपूर्ति के आधार पर लागत का 35 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। प्राइम/फोकस, सब-प्राइम और इंटरमीडिएट क्षेत्रों में प्रति वाहन अधिकतम ढाई लाख रुपये की सहायता निर्धारित की गई है। वहीं, कोर क्षेत्रों में केवल ईवी आधारित रीफर वाहन खरीदने पर लागत का 35 प्रतिशत, अधिकतम 30 लाख रुपये प्रति वाहन तक अनुदान मिलेगा।
कोर क्षेत्रों को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में ईवी रीफर वाहन खरीदने पर पांच प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके अलावा विशेष श्रेणियों/ईओयू/जाइंट वेंचर को भी निर्धारित अधिकतम सीमा के भीतर पांच प्रतिशत अतिरिक्त लाभ देने का प्रावधान है। एक आवेदक अधिकतम दो वाहनों की खरीद पर इस योजना का लाभ उठा सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.