देव दीपावली पर काशी में होगा हाईटेक शो, ड्रोन से बनेगी काशी विश्वनाथ और मां गंगा की आकृति

HIGHLIGHTS
- काशी की देव दीपावली पर पहली बार 2,100 स्वदेशी ड्रोन से भव्य शो आयोजित किया जाएगा।
- ड्रोन के जरिए भगवान भोलेनाथ, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ की आकृतियां बनाई जाएंगी।
- करीब 15 मिनट तक चलने वाली इस प्रस्तुति में संगीत और हिंदी वॉयस ओवर का इस्तेमाल होगा।
काशी की देव दीपावली इस बार सिर्फ गंगा घाटों पर जलने वाले लाखों दीपों से ही नहीं, बल्कि आसमान में होने वाले भव्य ड्रोन शो से भी खास बनेगी। पहली बार 2,100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आकाश में भगवान भोलेनाथ, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ की भव्य आकृतियां बनाई जाएंगी। करीब 15 मिनट तक चलने वाली इस प्रस्तुति में संगीत और आवाज का तालमेल देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने 24 नवंबर को होने वाले इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि वाराणसी में राजघाट से नमो घाट तक लाखों दीपों की रोशनी के बीच देव दीपावली का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा। इस बार 2,100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से आसमान में पौराणिक प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा, जिससे उत्सव की भव्यता और बढ़ेगी।
काशी की आध्यात्मिक महत्ता और विरासत पर आधारित इस 15 मिनट के शो में 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन तैयार किए जाएंगे। थ्री-डी एनिमेशन के जरिए बनाई गई आकृतियों को विशेष संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। इसके माध्यम से गंगा के ऊपर आसमान में एक के बाद एक आकर्षक दृश्य दिखाई देंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को होगा।
शिव तांडव, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की दिखेंगी आकृतियां
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ड्रोन शो की पूरी थीम देव दीपावली पर आधारित रहेगी। इसमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण से जुड़े दृश्य आसमान में उकेरे जाएंगे।
इसके साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। इस प्रस्तुति में काशी की आध्यात्मिक विरासत को दर्शाने के साथ उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो को भी दिखाया जाएगा।
'देवताओं की दीपावली' के नाम से प्रसिद्ध यह पर्व वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पिछले कुछ वर्षों के दौरान देव दीपावली को और भव्य स्वरूप दिया गया है। दीपावली के 15 दिन बाद मनाए जाने वाले इस पर्व का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है।
मां गंगा के सम्मान में किया जाने वाला दीपदान इस उत्सव का प्रमुख आकर्षण होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवी-देवता स्वर्ग से धरती पर आते हैं और मां गंगा में स्नान करते हैं। इसी मान्यता के कारण इस पर्व को देवताओं का प्रकाश उत्सव भी कहा जाता है। इस वर्ष देव दीपावली 24 जनवरी को मनाई जा रही है।
देव दीपावली में आधुनिक तकनीक और आस्था का संगम
पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि काशी की देव दीपावली अब आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के मेल से वैश्विक उत्सव का रूप ले चुकी है।
उन्होंने कहा कि इस बार 2,100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए भगवान शिव, मां गंगा और काशी की पौराणिक विरासत से जुड़े दिव्य प्रसंगों को आसमान में साकार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन के माध्यम से देव दीपावली की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई देने का प्रयास है। साथ ही, काशी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक यादगार अनुभव उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.