बागपत में परमिट के अभाव में रोका गया 162 टायर वाला ट्रक, टरबाइन लेकर जा रहा था रोहतक

HIGHLIGHTS
- ट्रक हरिद्वार से न्यूक्लियर पावर प्लांट की टरबाइन लेकर रोहतक जा रहा था।
- एनएचएआई की गाइडलाइन के अनुसार परमिट नहीं होने पर मवीकलां बूथ पर रोका गया।
- भारी वाहन में 162 टायर लगे हैं और उसके साथ 15 लोगों का स्टाफ है।
बागपत। हरिद्वार से न्यूक्लियर पावर प्लांट की टरबाइन लेकर रोहतक जा रहे 162 टायर वाले ट्रक को एनएचएआई की गाइडलाइन के मुताबिक परमिट नहीं होने पर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के मवीकलां बूथ पर रोक दिया गया। देर रात तक टरबाइन के साथ चल रहा स्टाफ अधिकारियों से बातचीत कर परमिट संबंधी समस्या सुलझाने में जुटा रहा। ट्रक के खड़े रहने से दूसरे वाहन चालकों को भी परेशानी हुई।
शुक्रवार दोपहर भारी-भरकम लोहे की टरबाइन लेकर जा रहा ट्रक दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से मवीकलां में दिल्ली हाईवे पर उतरा। इसके बाद चालक ट्रक को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के टोल बूथ पर ले गया, जहां कर्मचारियों ने उसे रोक दिया।
ट्रक में 162 टायर, साथ में 15 लोगों का स्टाफ
ट्रक रोके जाने के बाद उसके साथ चल रहे स्टाफ ने सड़क किनारे ही डेरा डाल लिया। चालक राजपाल सिंह ने बताया कि वह दो दिन पहले हरिद्वार से न्यूक्लियर पावर प्लांट की टरबाइन लेकर रोहतक के लिए रवाना हुआ था। दो दिन की यात्रा के बाद वह मवीकलां तक पहुंचा, लेकिन परमिट नहीं होने के कारण उसे यहां रोक दिया गया।
टरबाइन से लदे इस ट्रक में कुल 162 टायर लगे हैं और उसके साथ 15 लोगों का स्टाफ चल रहा है। चालक के अनुसार, वाहन की गति बेहद कम होने के कारण उसे यहां तक पहुंचने में दो दिन लगे।
देर रात तक ट्रक एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़ा रहा। इससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टोल प्रबंधक शोएब खान ने बताया कि एनएचएआई की गाइडलाइन के अनुसार परमिट नहीं होने की वजह से टरबाइन लदे ट्रक को रोका गया है। स्टाफ को आवश्यक कागजात पूरे करने के लिए कहा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.