अखिलेश के 'एबीसीडी' वाले बयान पर जयंत चौधरी का पलटवार, बोले- चुनाव में बताएंगे किसे आती है राजनीति

HIGHLIGHTS
- जयंत बोले- राजनीति में एबीसीडी से आगे भी बहुत कुछ आता है।
- बोले- चुनाव में बताएंगे किसे राजनीति आती है और किसे नहीं।
- विवादित होर्डिंग्स के आरोपों को जयंत ने बताया चुनावी स्टंट।
बागपत: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘जयंत को राजनीति की एबीसीडी सिखाने’ वाले बयान पर रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में एबीसीडी से आगे भी बहुत कुछ आता है और यह हम उन्हें चुनाव में सिखाएंगे।
चौधरी जयंत सिंह बृहस्पतिवार को खेकड़ा के गांधी इंटर कॉलेज में पुस्तकालय का उद्घाटन करने और बागपत के जाट भवन में पुस्तकालय का निरीक्षण करने पहुंचे थे। अखिलेश यादव के विवादित होर्डिंग्स लगाए जाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि इस तरह के सस्ते आरोप लगाना चुनावी स्टंट होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप कोई भी लगा सकता है।
जयंत सिंह ने कहा कि उन पर कई तरह के कटाक्ष किए गए और उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। उनका नाम भले ही नहीं लिया जा रहा था, लेकिन उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि जब उनके समाज को निशाना बनाकर यह कहा गया कि उस समाज को राजनीति नहीं आती, तब उन्हें सामने आना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में बताया जाएगा कि किसे राजनीति आती है और किसे नहीं।
राजनीतिक बयानबाजी को लेकर जयंत सिंह ने कहा कि चुनाव का समय है और किसी की जुबान पर लगाम नहीं लगाई जा सकती। चुनावी दौर में राजनीति में आक्रामकता आ जाती है। रालोद के लिए अखिलेश यादव की ओर से 100 सीटों की पैरवी किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह पैरवी नहीं कर रहे हैं, बल्कि यह बात व्यंग्य और कटाक्ष के तौर पर कही जा रही है।
चीनी महंगी होने पर शोर मचाने वाले किसानों की पैरवी करें
चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि गन्ने की पेराई का नया सत्र शुरू होने वाला है और अब गन्ने का रेट तय होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक गन्ने का उत्पादन होता है। विपक्ष में रहते हुए अखिलेश यादव रसगुल्ला, गुलाब जामुन और चीनी महंगी होने पर शोर मचा रहे हैं, लेकिन किसानों की पैरवी करते हुए गन्ने का दाम बढ़ाने की बात नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि उन्हें किसानों की चिंता नहीं है। रालोद गन्ने के दाम बढ़ाने के लिए पैरवी कर रहा है।
पुस्तकालयों में पढ़कर आगे बढ़ेंगे बच्चे, नारी सशक्तिकरण भी जरूरी
खेकड़ा के गांधी इंटर कॉलेज में पुस्तकालय का उद्घाटन करने के बाद चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि इसी तरह 36 सरकारी स्कूलों में पुस्तकालय बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन पुस्तकालयों में पढ़कर बच्चे आगे बढ़ें। यह काम सीएसआर फंड के माध्यम से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुस्तकालयों के लिए शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया गया है और करीब आठ हजार बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण भी बेहद जरूरी है। उन्होंने अपनी दादी, बुआ, बहनों, बेटियों और समाज की महिलाओं को विज्ञान, खेल, शिक्षा और किसानी के क्षेत्र में काम करते देखा है। उन्होंने कहा कि सभी को नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए काम करना चाहिए।
जाट भवन में चौधरी चरण सिंह पुस्तकालय का निरीक्षण करने के साथ ही उन्होंने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और युवाओं से बातचीत की। इस दौरान विधायक डॉ. अजय कुमार, नगर पालिका चेयरमैन नीलम धामा, जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, डॉ. कुलदीप उज्ज्वल, जयदेव आर्य, डॉ. अनुराग मित्तल, एडवोकेट विश्रुत मित्तल, जाट सभा के अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, कृष्णपाल चेयरमैन, जिला बार अध्यक्ष सुभाष तोमर, देवेंद्र आर्य, ओमबीर ढाका, सुभाष नैन आदि मौजूद रहे।
जयंत बोले- अंकित के हत्यारोपी जल्द पकड़े जाएंगे
शामली में हरियाणवी गायक अंकित की हत्या को लेकर जयंत सिंह ने कहा कि उन्होंने अंकित के पिता से बात की है। उन्होंने कहा कि अंकित होनहार लड़का था और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों से बात हो चुकी है और अधिकारियों ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.