बागपत: ईपीई हादसे में मृतकों की संख्या 12 पहुंची, 8 और घायलों ने तोड़ा दम

HIGHLIGHTS
- बदायूं के अल्हापुर गांव से लोग राजस्थान के बागड़ की यात्रा पर गए थे।
- वापसी के दौरान कैंटर ने पिकअप वाहन को टक्कर मारी।
- टक्कर के बाद पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
बागपत। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) पर रविवार देर रात हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। हादसे में पहले चार लोगों की मौत हुई थी, जबकि सोमवार दोपहर तक आठ और घायलों ने दम तोड़ दिया।
बता दें कि रात करीब पौने दो बजे कैंटर की टक्कर के बाद बागड़ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा पिकअप वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया था। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 20 श्रद्धालु घायल हुए थे।
सभी श्रद्धालु बदायूं के रहने वाले हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को सीएचसी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पिकअप में सवार थे 32 लोग
पिकअप वाहन में कुल 32 लोग सवार थे। बदायूं के अल्हापुर गांव से लोग राजस्थान के बागड़ की यात्रा पर गए थे। रात में वापस लौटते समय ईपीई पर बड़ागांव के पास कैंटर ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
हादसे में अधिकतर लोग वाहन के नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो चुकी थी।
हादसे के समय ही कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को दिल्ली और मेरठ रेफर कर दिया गया था। सोमवार तक हादसे में मरने वालों की संख्या 12 हो गई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.