बागपत में युवक ने इंस्टाग्राम पर लगाया मौत का स्टेटस, एक घंटे बाद खुद को मारी गोली

HIGHLIGHTS
- बागपत के रटौल में 24 वर्षीय सामरान ने इंस्टाग्राम पर मौत से जुड़ा स्टेटस लगाया।
- स्टेटस में उसने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था।
- स्टेटस लगाने के करीब एक घंटे बाद उसने घर में खुद को गोली मार ली।
- परिजन उसे दिल्ली के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बागपत: रटौल कस्बे के प्रेमपुरी मोहल्ले निवासी आढ़ती इसरत चौधरी के 24 वर्षीय बेटे सामरान ने बृहस्पतिवार शाम इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाया कि वह अपनी मौत का जिम्मेदार खुद है। इसके करीब एक घंटे बाद शाम लगभग छह बजे उसने घर में गले पर तमंचा सटाकर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिजन घायल सामरान को दिल्ली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसरत चौधरी कई वर्षों से रटौल की मंडी में आढ़त का काम करते हैं और सपा के पुराने कार्यकर्ता हैं। उनके मुताबिक, उनका बेटा सामरान कार चालक था और पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। वह इंस्टाग्राम पर मायूसी भरी वीडियो भी पोस्ट करता रहता था। परिवार के लोगों ने कई बार उससे परेशानी के बारे में जानने की कोशिश की, लेकिन उसने सबकुछ ठीक होने की बात कहकर कुछ नहीं बताया।
बृहस्पतिवार दोपहर सामरान सेंट मेरी इंटर कॉलेज पहुंचा और वहां अपनी वीडियो बनाई। इसके बाद उसने वीडियो इंस्टाग्राम स्टेटस पर लगाई और उसके साथ लिखा कि वह अपनी मौत का जिम्मेदार खुद है। इस स्टेटस को कई लोगों ने देखा, लेकिन उन्होंने इसे मजाक समझा।
स्टेटस लगाने के करीब एक घंटे बाद घर में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो सामरान घायल हालत में पड़ा था और उसके गले में गोली लगी थी। परिजन उसे दिल्ली के निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सामरान आठ भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घर में तमंचा कहां से आया और उसने खुद को गोली क्यों मारी।
स्टेटस को मजाक न समझते तो बच सकती थी जान
सामरान ने जब अपनी मौत का खुद जिम्मेदार होने की बात लिखकर स्टेटस लगाया था, तो उसके कई दोस्तों ने इसे देखा था। हालांकि, दोस्तों ने इसे मजाक समझ लिया। सामरान के खुद को गोली मारने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उसका स्टेटस मजाक नहीं था। अगर उन्होंने इसे मजाक नहीं समझा होता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।
ये बोले सीओ
रटौल में युवक ने गोली मारकर आत्महत्या की है। इसका कारण अभी पता नहीं चल सका है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के आने पर घर की तलाशी लेकर तमंचा बरामद किया जाएगा।
-रोहन चौरसिया, सीओ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.