दिल्ली के जसोला विहार में हादसा, जर्जर दीवार गिरने से मजदूर की मौत; ठेकेदार गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- दिल्ली के जसोला विहार में जर्जर मकान तोड़ने के दौरान दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत, दो घायल।
- मलबे में दबे तीन मजदूरों को बचाकर एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां एक को मृत घोषित किया गया।
- पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर ठेकेदार को गिरफ्तार किया, सुरक्षा मानकों की जांच जारी।
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के जसोला विहार इलाके में पुराने मकान को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जर्जर दीवार अचानक गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि जसोला विहार के पॉकेट-1 में एक पुराने मकान की दीवार गिर गई है और कुछ मजदूर मलबे में दब गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया।
मलबे से निकाले गए तीन मजदूर
बचाव दल ने मलबे में फंसे तीन मजदूरों को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। अस्पताल में 24 वर्षीय विजय को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घायल मजदूर नन्नू शर्मा और चंदरपाल का इलाज जारी है। हादसे के दौरान एक अन्य मजदूर सुरक्षित बच गया।
नए निर्माण के लिए गिराया जा रहा था मकान
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मकान मालिक खुर्शीद पुराने और जर्जर मकान को हटाकर नया निर्माण कराना चाहते थे। इसके लिए ठेकेदार शम्शुद्दीन की निगरानी में तोड़फोड़ का काम चल रहा था।
बताया जा रहा है कि मकान का ज्यादातर हिस्सा पहले ही गिराया जा चुका था। इसी दौरान पीछे की ओर मौजूद कमजोर दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद करते हुए मलबे से मजदूरों को बाहर निकालने में सहयोग किया।
सुरक्षा मानकों की जांच जारी
पुलिस ने घायल मजदूर नन्नू शर्मा के बयान के आधार पर लापरवाही का मामला दर्ज किया है। मामले में ठेकेदार शम्शुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मकान मालिक खुर्शीद से पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह जांच की जा रही है कि मकान तोड़ने के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.