अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- सत्ता से हटेगी तभी दूर होगा संकट

HIGHLIGHTS
- समाजवादी पार्टी में शनिवार को कई नेताओं ने सदस्यता ग्रहण की।
- अनिल कसाना, उत्पल राय, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप और अन्य नेता सपा में शामिल हुए।
- अखिलेश यादव ने भाजपा को मौजूदा समय का सबसे बड़ा संकट बताया।
समाजवादी पार्टी में शनिवार को कई नेताओं ने शामिल होकर पार्टी की सदस्यता ली। इनमें अनिल कसाना, उत्पल राय, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू के नाम शामिल हैं। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा समय में भाजपा सबसे बड़ा संकट है। जब तक भाजपा सत्ता से बाहर नहीं होगी, तब तक यह संकट खत्म नहीं होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के नेताओं को अब लगने लगा है कि कमल मुरझा रहा है, इसलिए वे राधे-राधे कहने लगे हैं। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी और भाजपा उनके साथ कोई अन्याय नहीं कर पाएगी। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को समाप्त किया जाएगा। इसके अलावा पार्टी की वेबसाइट पर मिलने वाले सुझावों पर भी अमल किया जाएगा।
अधिकारियों को हटाने के लिए विधायकों के हस्ताक्षर से देंगे ज्ञापन
सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी पिछले 10 वर्षों से एक ही पद या कुर्सी पर बने हुए हैं, उन्हें हटाने की मांग की जाएगी। इसके लिए सभी विधायकों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौंपा जाएगा।
अखिलेश यादव ने भाजपा की ओर से 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने को लेकर दिए गए बयान पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दबाव के बाद अब इस तरह के बयान सामने नहीं आ रहे हैं। उन्होंने पूछा कि भाजपा को आखिर यह जानकारी कहां से मिली थी। इस दौरान उन्होंने 'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा' का नारा भी दिया और इससे संबंधित एक नया वीडियो दिखाया।
बूथ जीतने से ही सत्ता का रास्ता खुलेगा: अखिलेश यादव
सपा अध्यक्ष ने बूथ स्तर पर काम कर रहे पार्टी नेताओं से मतदाता सूची में ज्यादा से ज्यादा लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के लिए बूथ जीतना जरूरी है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है और जिस दिन चुनाव की घोषणा होगी, भाजपा चुनाव हार जाएगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की ज्यादातर योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ है। अखिलेश ने भाजपा को भ्रष्टाचार की मास्टर बताते हुए कहा कि पीडीए अब केवल एक नारा नहीं रह गया है, बल्कि यह भावनात्मक मुद्दा बन चुका है।
कांग्रेस के साथ गठबंधन पर बोले अखिलेश- मुद्दा जीत का है
कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि अभी भी कुछ ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस जीतने की स्थिति में है। बैठक में इस विषय पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन में प्राथमिकता सीटों के बंटवारे की नहीं, बल्कि चुनाव जीतने की है। जिस सीट पर जिस पार्टी के जीतने की संभावना होगी, वह सीट उसी के हिस्से में जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.