अल्बानिया ने नियुक्त की दुनिया की पहली वर्चुअल एआई महिला मंत्री

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब केवल तकनीकी या व्यावसायिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह सरकार और राजनीति में भी अपनी जगह बना रहा है। अल्बानिया ने भ्रष्टाचार को कम करने के उद्देश्य से अपनी सरकार में AI मंत्री की नियुक्ति कर दुनिया में यह अनूठा कदम उठाया है। इस वर्चुअल महिला मंत्री का नाम डिएला रखा गया है, जिसका अर्थ है ‘सूर्य’।
प्रधानमंत्री एडी रामा ने बताया कि डिएला कैबिनेट की एक सदस्य होंगी, लेकिन शारीरिक रूप से मौजूद नहीं होंगी। यह AI-जनरेटेड बॉट सुनिश्चित करेगा कि सरकारी ठेकों में 100% पारदर्शिता रहे और भ्रष्टाचार पूरी तरह रोका जा सके। नेशनल एजेंसी फॉर इन्फॉर्मेशन सोसाइटी के अनुसार, डिएला अपने काम में नवीनतम AI मॉडल और तकनीकों का इस्तेमाल करती हैं।
डिएला की शुरुआत जनवरी में AI-ऑपरेटेड डिजिटल असिस्टेंट के रूप में हुई थी। इसे पारंपरिक अल्बानियाई पोशाक में डिजाइन किया गया और इसका उद्देश्य नागरिकों को आधिकारिक ई-अल्बानिया प्लेटफॉर्म पर सेवाओं और दस्तावेज़ों तक पहुंचने में मदद करना था। अब तक डिएला ने 36,600 डिजिटल दस्तावेज़ जारी किए हैं और लगभग 1,000 सेवाओं में मदद प्रदान की है।
अल्बानिया में सरकारी ठेकों में भ्रष्टाचार की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं और यह देश अंतरराष्ट्रीय अपराधियों के लिए वित्तीय लेन-देन का केंद्र बन चुका है। प्रधानमंत्री रामा ने चौथी बार लगातार सरकार बनाते हुए संसद में नया मंत्रिमंडल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रपति बाजराम बेगाज ने उन्हें नई सरकार बनाने का कार्य सौंपा है।
सोशलिस्ट पार्टी की सरकार अगले पांच वर्षों में अल्बानिया को यूरोपीय संघ (EU) की सदस्यता दिलाने का प्रयास कर रही है। विपक्ष का कहना है कि देश अभी इसके लिए पूरी तरह तैयार नहीं है। नई सरकार के लिए संगठित अपराध और भ्रष्टाचार से लड़ना भी प्रमुख चुनौती है, जिसे EU सदस्यता के प्रयासों के साथ जोड़ा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.