21 नवंबर को लखनऊ आएंगे पीएम मोदी, आईटीआई के टॉपर छात्रों को करेंगे सम्मानित

HIGHLIGHTS
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को लखनऊ के दौरे पर आएंगे।
- इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कौशल दीक्षांत समारोह प्रस्तावित है।
- समारोह में देशभर के करीब 1500 आईटीआई छात्र शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को लखनऊ के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले प्रस्तावित कौशल दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों ने भी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।
कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय की ओर से हर साल देशभर के आईटीआई के टॉपर छात्रों को सम्मानित किया जाता है। इस आयोजन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर ही हुई थी। अब तक यह कार्यक्रम दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होता रहा है। पहली बार इसे दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। लखनऊ में 21 नवंबर को दोपहर बाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इस समारोह में देशभर की आईटीआई के करीब 1500 छात्र हिस्सा लेंगे। इनमें लगभग 1000 छात्र उत्तर प्रदेश से और 200 छात्र देश के अन्य हिस्सों से होंगे। मंत्रालय की ओर से 40 ट्रेड और छह जोन के टॉपर छात्रों में से करीब 64 मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें छह छात्र उत्तर प्रदेश के हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक ट्रेड के टॉपर छात्र को स्वयं सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने शुक्रवार को स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान का दौरा किया। इस दौरान वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.