यश माहेश्वरी के खिलाफ बिहार पुलिस की कार्रवाई, महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में FIR दर्ज

HIGHLIGHTS
- छठ के दौरान बिहार की महिलाओं के सिंदूर पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला।
- स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ पटना साइबर थाने में FIR दर्ज।
- 24 नवंबर को यूट्यूब पर की गई टिप्पणी को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की।
पटना। छठ पर्व के दौरान बिहार की महिलाओं के सिंदूर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ बिहार पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में कॉमेडियन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पटना साइबर थाने के पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की ओर से एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी गई है। पोस्ट के मुताबिक, यश माहेश्वरी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में यश माहेश्वरी के विरुद्ध साइबर थाने में एफआईआर (1550/26) दर्ज की गई है।
अलग-अलग धाराओं के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने धारा 75(1), 79, 351, 352 और आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पोस्ट में बताया गया है कि बिहार की महिलाओं के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा होने की आशंका को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है।
फिलहाल पटना साइबर थाना इस मामले की जांच कर रहा है। साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, अभद्र और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक माफी के बाद भी जारी है विवाद
विवाद बढ़ने के बाद स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी। हालांकि, इसके बावजूद इस मामले को लेकर लोगों की नाराजगी कम नहीं हुई है।
भाजपा नेता रितु जायसवाल ने तो यश माहेश्वरी के खिलाफ बिहार के हर जिले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। वहीं, राजद और कांग्रेस ने भी उनकी टिप्पणी पर आपत्ति जताई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.