पीतमपुरा फायरिंग केस में रोहित गोदारा गैंग के तीन गुर्गे गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

HIGHLIGHTS
- पीतमपुरा में कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार।
- गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुमार, शुभम और मोक्ष के रूप में हुई।
- तीनों आरोपी रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
नई दिल्ली। पीतमपुरा में एक कारोबारी से रंगदारी मांगने के लिए उसके घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने रोहित गोदारा गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुमार (24), शुभम (23) और मोक्ष (24) के तौर पर हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी पिस्टल और 12 कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, विदेश में मौजूद गैंग के गुर्गे विवेक ने स्थानीय नेटवर्क की मदद से फायरिंग की साजिश को अंजाम दिलवाया था।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 28 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पीतमपुरा निवासी कारोबारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर के बाहर गोलियां चलाई थीं। हमलावरों ने उनकी कार को भी निशाना बनाया था। इस मामले में सुभाष प्लेस थाने में रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा का नाम सामने आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। इसके बाद एआरएससी की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और लगातार उनका पीछा किया। 500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक सुराग जुटाने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को रोहिणी से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी दिल्ली में एक और बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
50 हजार रुपये का लालच देकर गैंग में शामिल किया
जांच में पता चला कि मोक्ष विदेश में बैठे गैंग के गुर्गे विवेक और फरार आरोपी प्रदीप के संपर्क में था। उसका काम स्थानीय बदमाशों को गैंग से जोड़ना और उनके लिए लॉजिस्टिक मदद का इंतजाम करना था।
मोक्ष ने निखिल को मोटी कमाई और आलीशान जिंदगी का लालच देकर गैंग में शामिल किया था। कारोबारी के घर पर फायरिंग की साजिश में शामिल होने के बदले उसे 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। इसके बाद निखिल ने फरार आरोपी प्रदीप के साथ मिलकर कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग की थी।
दोस्त के जरिये गैंग से जुड़ा शुभम
पुलिस के मुताबिक, शुभम भी निखिल के माध्यम से रोहित गोदारा गैंग के संपर्क में आया था। अपने साथियों के प्रभाव में आकर वह भी रंगदारी की साजिश में शामिल हो गया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इसके जरिए गैंग के अन्य सदस्यों, विदेश में बैठे हैंडलरों और रंगदारी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.