अमेठी में भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह बसपा में होंगे शामिल

HIGHLIGHTS
- भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह उर्फ पप्पू ने पार्टी से इस्तीफा दिया।
- करीब 30 साल तक भाजपा की राजनीति में सक्रिय रहे हैं प्रवीण कुमार सिंह।
- गुरुवार को बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की अगुवाई में होंगे पार्टी में शामिल।
अमेठी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से करीब साढ़े तीन दशक और भाजपा की राजनीति में तीन दशक तक सक्रिय रहने के बाद पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं भादर ब्लॉक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह उर्फ पप्पू ने बसपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। त्रिसुंडी निवासी प्रवीण कुमार सिंह ने मंगलवार को संगठन और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद बसपा में जाने की घोषणा की।
गुरुवार को त्रिसुंडी स्थित कान्हा लॉन में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वह पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके इस फैसले से विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है। दावा किया जा रहा है कि उनके साथ भाजपा समेत अन्य दलों के हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी बसपा में शामिल होंगे।
प्रवीण कुमार सिंह ने वर्ष 1995 में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के तौर पर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद 1998 में मंडल अध्यक्ष, 2002 में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष, 2005 में जिला उपाध्यक्ष और 2018 में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2020 से 2026 तक वह भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भी रहे। वर्तमान में वह भादर ब्लॉक प्रमुख होने के साथ ही जिले के प्रमुख संघ के अध्यक्ष हैं।
राजनीति के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। प्रवीण कुमार सिंह के मुताबिक, उन्होंने 2007, 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में अमेठी सीट से प्रत्याशी बनाए जाने की दावेदारी पेश की थी। वर्ष 2027 के चुनाव में भी उन्होंने अमेठी विधानसभा सीट से टिकट देने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद अपेक्षित महत्व नहीं मिलने को उन्होंने संगठन और पार्टी से इस्तीफा देने की वजह बताया है।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बसपा कार्यकर्ताओं में भी इसे लेकर उत्साह है। कोई कार्यक्रम के लिए मंच तैयार करने में जुटा है, तो कोई झंडे और पोस्टर बनाने में लगा हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.