लखनऊ में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च को नहीं मिली अनुमति, अब पार्टी कार्यालय में होगा सम्मेलन

HIGHLIGHTS
- यूपी सरकार ने लखनऊ में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च को अनुमति देने से इनकार किया।
- 26 नवंबर को हजरतगंज स्थित आंबेडकर प्रतिमा तक मार्च निकालने की योजना थी।
- अब कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में संविधान रक्षा सम्मेलन आयोजित करेगी।
यूपी सरकार ने संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में प्रस्तावित कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 26 नवंबर को मार्च निकाला जाना था, लेकिन प्रशासन से इसकी मंजूरी नहीं मिली। अब पार्टी कार्यालय में संविधान रक्षा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे।
संविधान रक्षा मार्च के तहत सभी कार्यकर्ताओं को पहले पार्टी कार्यालय में माल्यार्पण करना था। इसके बाद उन्हें हजरतगंज स्थित आंबेडकर प्रतिमा तक जाना था। हालांकि, सरकार ने मार्च की अनुमति नहीं दी। पीएल पुनिया ने कहा कि पार्टी ने शांतिपूर्ण मार्च निकालने की बात कही थी और इसके लिए लिखित में भी दिया था, लेकिन फिर भी अनुमति नहीं मिली। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्र का हवाला देते हुए मार्च की मंजूरी देने से इनकार कर दिया। अब कार्यक्रम पार्टी मुख्यालय में आयोजित होगा, जिसमें 40 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एसआईआर के जरिए लोगों से वोट देने का अधिकार छीनने का काम कर रही है। संविधान ने नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान की रक्षा के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
'भाजपा को मिल जाती है अनुमति, हमें नहीं मिली'
सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस संविधान की बात करती है। मार्च का कार्यक्रम स्थगित कर अब पार्टी कार्यालय में आयोजन किया जाएगा, जिसमें 40 हजार लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा 500 लोगों के साथ विधानसभा से रविदास मंदिर तक मार्च निकालती है तो उसे अनुमति मिल जाती है, लेकिन कांग्रेस को मंजूरी नहीं दी गई। उनके मुताबिक, सरकार मार्च को लेकर घबरा गई है।
सीट शेयरिंग के सवाल पर तनुज पुनिया ने कहा कि इस संबंध में दिल्ली में बैठक हुई है। सीटों को लेकर गठित कमेटी ही इस मामले में जवाब देगी।
कांग्रेस प्रभारी बोले- बातचीत के बीच सपा को सीटों की घोषणा से बचना चाहिए था
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, "26 सीट की तो कोई बात ही नहीं है बात हमारी 403 सीट पर जो चल रही है उस पर बातचीत फाइनल हो जाएगी तब हम सबको सूचित करेंगे। लेकिन मुझे लगता है कि दोनों पार्टी के नेतृत्व को जिम्मेदार व्यवहार और बयान रखना चाहिए। यही सबके हित में है और देश भी यही चाहती है...."
समाजवादी पार्टी की पांच उम्मीदवारों की पहली सूची पर उन्होंने कहा, "सीटों की घोषणा तो कभी भी की जा सकती है लेकिन अभी उससे बचना चाहिए। अभी बातचीत का दौर जारी है और मैं उम्मीद करता हूं कि सब कुछ सही हो जाएगा।"
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, "उनकी नाराजगी अपनी जगह सही है क्योंकि वो वहां के सांसद हैं। लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एक सम्मानजनक निर्णय पर पहुंचेगा।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.