आतंकियों पर मंडराया खतरा! पाकिस्तान ने हाफिज सईद और मसूद अजहर समेत कई आतंकियों की सुरक्षा बढ़ाई

HIGHLIGHTS
- आईएसआई ने हाफिज सईद, मसूद अजहर समेत कई आतंकियों की सुरक्षा बढ़ाई: रिपोर्ट
- पाकिस्तान में कई संदिग्ध आतंकी ठिकानों पर अतिरिक्त सुरक्षा तैनात किए जाने का दावा
- भारत ने यूएपीए के तहत 23 आतंकियों को घोषित किया है, जिनमें 17 पाकिस्तानी शामिल हैं।
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों से जुड़े कई प्रमुख आतंकियों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, हाफिज सईद, मसूद अजहर, यूसुफ शाह और मुफ्ती मोहम्मद असगर खान समेत करीब दो दर्जन आतंकियों की सुरक्षा में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सूत्रों का दावा है कि इन आतंकियों के ठिकानों में लगातार बदलाव किया जा रहा है और सुरक्षा के लिए आईएसआई एजेंटों के साथ पाकिस्तान की स्पेशल सर्विस ग्रुप (एसएसजी) के पूर्व कमांडो को भी तैनात किया गया है। पाकिस्तान में मौजूद कई संदिग्ध ठिकानों और कथित लॉन्च पैड पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाई गई है।
आतंकी ठिकानों पर बढ़ाई गई निगरानी
रिपोर्ट के अनुसार, मंगला डैम, बहावलपुर, रावलकोट, कराची, कोटली, सियालकोट, मुरिदके और अन्य इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। इन स्थानों को आतंकी नेटवर्क से जुड़े ठिकानों के रूप में देखा जाता रहा है।
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान में कई आतंकियों की मौत के बाद आईएसआई सतर्क हो गई है। एजेंसियों का दावा है कि इनमें से कई आतंकी कथित तौर पर गुप्त अभियानों का निशाना बने थे, जिसके बाद पाकिस्तान ने अपने संरक्षण में मौजूद आतंकियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है।
23 आतंकियों को घोषित किया जा चुका है आतंकी
आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के तहत भारत सरकार ने गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत 23 लोगों को आतंकवादी घोषित किया है। इनमें 17 पाकिस्तानी और 6 भारतीय नागरिक शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इनमें से कई लोग भारत विरोधी गतिविधियों, आतंकी साजिशों, हथियारों की तस्करी, घुसपैठ और आतंकी नेटवर्क को आर्थिक मदद पहुंचाने जैसे मामलों में वांछित हैं।
हाफिज सईद पर भारत और अमेरिका की नजर
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते हाफिज सईद पर कार्रवाई दिखाने की कोशिश करता रहा है। उसे आतंकी वित्तपोषण और अन्य मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है। हालांकि, भारतीय एजेंसियों का दावा है कि हाफिज सईद की गतिविधियों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
हाफिज सईद को भारत में हुए कई आतंकी हमलों का प्रमुख साजिशकर्ता माना जाता है। वह भारत और अमेरिका दोनों की वांछित सूची में शामिल है।
इन आतंकियों की सुरक्षा बढ़ाए जाने का दावा
खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, जिन आतंकियों की सुरक्षा बढ़ाई गई है, उनमें लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद, जैश-ए-मोहम्मद संस्थापक मसूद अजहर, हिजबुल मुजाहिदीन प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन उर्फ मोहम्मद यूसुफ शाह समेत कई अन्य आतंकी शामिल हैं।
इसके अलावा कारी जर्रार, मसूद इलियास कश्मीरी, हाफिज अब्दुल रऊफ, मौलाना सैफुल्लाह खालिद और अन्य आतंकी नेटवर्क से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आए हैं। सुरक्षा एजेंसियां इन गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.