दो पैनकार्ड मामले में जमानत के बाद आजम खां और बेटे की रिहाई के परवाने जारी

HIGHLIGHTS
- हाईकोर्ट ने गुरुवार को दोनों की जमानत मंजूर की थी।
- आजम खां ने नजारत में कुल 3.50 लाख रुपये जमा कराए।
- अब्दुल्ला आजम की ओर से 2.75 लाख रुपये जमा किए गए।
दो पैनकार्ड मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद सपा नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जेल से रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में हाईकोर्ट का आदेश जमा करने और जमानत की शर्तें पूरी करने के बाद दोनों के रिहाई परवाने जारी कर दिए गए हैं।
शनिवार देर शाम तक दोनों के जेल से बाहर आने की संभावना है। रिहाई की खबर सामने आने के बाद जेल के बाहर हलचल बढ़ गई है। समर्थकों और लोगों की आवाजाही भी तेज हो गई है। हालांकि, जेल प्रशासन की जांच में यदि किसी अन्य मामले में निरुद्ध होने या कोई दूसरी कानूनी बाधा सामने आती है, तो उनकी रिहाई रुक सकती है।
शुक्रवार को आजम खां की ओर से 3.50 लाख रुपये और अब्दुल्ला आजम की तरफ से 2.75 लाख रुपये नजारत में नकद जमा कराए गए। इस रकम में जुर्माने की आधी राशि और जमानतियों की रकम शामिल है।
आजम खां पर पांच लाख और अब्दुल्ला पर 3.50 लाख रुपये का जुर्माना
इस मामले में आजम खां पर पांच लाख रुपये और अब्दुल्ला आजम पर 3.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इस फैसले को आजम खां ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
गुरुवार को हाईकोर्ट ने दोनों को जमानत देते हुए जुर्माने की आधी रकम जमा करने और 50-50 हजार रुपये के दो-दो जमानती पेश करने का आदेश दिया था। शुक्रवार को हाईकोर्ट का आदेश एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में दाखिल किया गया।
आजम ने 3.50 लाख और अब्दुल्ला ने जमा किए 2.75 लाख रुपये
आजम खां की ओर से जुर्माने की आधी राशि के रूप में 2.50 लाख रुपये और जमानतियों के लिए एक लाख रुपये जमा कराए गए। इस तरह उनकी तरफ से कुल 3.50 लाख रुपये जमा हुए।
वहीं, अब्दुल्ला आजम की ओर से जुर्माने की आधी राशि के तौर पर 1.75 लाख रुपये और जमानतियों के लिए एक लाख रुपये जमा कराए गए। इस तरह कुल 2.75 लाख रुपये जमा किए गए।
रकम जमा होने और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कोर्ट ने दोनों के रिहाई परवाने जारी कर दिए। अब जेल प्रशासन की प्रक्रिया पूरी होने और किसी अन्य कानूनी अड़चन के सामने नहीं आने पर ही दोनों जेल से बाहर आ सकेंगे। फिलहाल रामपुर जेल के बाहर समर्थकों की आवाजाही बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.