सरदार पटेल को नमन कर बोले सीएम योगी- राष्ट्रीय एकता बनाए रखना हर भारतीय का कर्तव्य

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के जीवन को देश की एकजुटता का आदर्श बताया।
- योगी आदित्यनाथ ने 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को राष्ट्रीय एकता की असली ताकत बताया।
- सीएम के मुताबिक, 2017 से पहले प्रदेश में तुष्टीकरण और जातिवाद की राजनीति हावी थी।
यूपी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'भारत रत्न' सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' की शुभकामनाएं भी दीं। सीएम योगी ने कहा कि जिस राष्ट्रीय एकता के लिए लौह पुरुष सरदार पटेल ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया, उसे बनाए रखना हर भारतीय का पवित्र कर्तव्य है।
सीएम योगी ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता और अखंडता का उदाहरण है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता होती है। एकता की असली शक्ति 'राष्ट्र प्रथम' की भावना में निहित है।
उन्होंने कहा कि मां भारती की सेवा में समर्पित सरदार पटेल का जीवन देश के प्रत्येक नागरिक को 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को पूरा करने की प्रेरणा देता है।
2017 से पहले यूपी में कमजोर हुई राष्ट्रीय एकता की भावना
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया। इसके कारण राष्ट्रीय एकात्मता की भावना कमजोर हुई और सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचा।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का प्रयास किया है। सरकार ने 'राष्ट्र प्रथम' की भावना और 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र को सुशासन का आधार बनाया है।
सुशासन के जरिए सरदार पटेल की विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सुशासन के माध्यम से सामाजिक समरसता को मजबूत किया है। इसके साथ ही सरदार पटेल की अमूल्य विरासत को 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प से जोड़ने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता सिर्फ एक विचार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हर नागरिक के व्यवहार और जीवन का हिस्सा बननी चाहिए। देश की अखंडता को सुरक्षित रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना जरूरी है।
'रन फॉर यूनिटी' में भाग लेने की अपील
सीएम योगी ने सरदार पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' को जनभागीदारी का अहम अवसर बताया।
उन्होंने प्रदेश के लोगों से इस एकता दौड़ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दौड़ में उठने वाला प्रत्येक कदम देश की अखंडता के प्रति समर्पण और 'राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम' के दृढ़ संकल्प का प्रतीक होना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.