बरेली: शॉर्ट सर्किट से आग लगी, दुकानों और मकान में लाखों का नुकसान

बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव राजपुर कला में बुधवार तड़के व्यापारी शुभम माहेश्वरी के मकान और दुकानें आग की भेंट चढ़ गईं। आग की तेज लपटों में परिवार पहली मंजिल पर फंस गया, लेकिन ग्रामीणों ने पड़ोसी के मकान की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, आग ने तीन दुकानें और मकान का काफी हिस्सा तबाह कर दिया, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
शुभम माहेश्वरी की तीन दुकानें—मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर और खाद-बीज की दुकान—सड़क किनारे स्थित हैं। परिवार पहली मंजिल पर रहता है। सुबह करीब साढ़े पांच बजे ग्रामीणों ने दुकानों से धुआं निकलते देखा और तुरंत शुभम को सूचना दी। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। ग्रामीणों ने पड़ोसी के घर पर सीढ़ी लगाकर परिवार को बाहर निकाला और आग बुझाने की कोशिश की।
ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर दो घंटे बाद पहुंचीं। उनमें से एक गाड़ी में पानी नहीं था। ग्राम प्रधान अतुल गुप्ता ने अपना सबमर्सिबल पंप चलाकर पानी की व्यवस्था कराई। इसके बाद पास के तालाब और आसपास के घरों से पानी लाकर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
आग के कारण मेडिकल और जनरल स्टोर का सारा सामान जल गया, जबकि घर के अंदर भी कई घरेलू सामान की क्षति हुई। पीड़ित शुभम माहेश्वरी ने बताया कि आग से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने भी फायर ब्रिगेड की देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई और कहा कि अगर समय पर मदद मिलती तो कुछ सामान बचाया जा सकता था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.