बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से, आज होगी सर्वदलीय बैठक

HIGHLIGHTS
- बिहार विधानसभा और विधान परिषद का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा।
- दोनों सदनों की कार्यवाही 4 दिसंबर 2026 तक चलेगी।
- सत्र से पहले आज सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी।
पटना। बिहार विधान परिषद के शीतकालीन सत्र को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने और सभी राजनीतिक दलों के बीच तालमेल बनाने के उद्देश्य से आज सर्वदलीय बैठक आयोजित की जा रही है। दोपहर में विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रो. रामवचन राय की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
कार्यकारी सभापति का पद संभालने के बाद प्रो. रामवचन राय पहली बार सर्वदलीय बैठक बुला रहे हैं। इसके साथ ही वह पहली बार विधान परिषद के शीतकालीन सत्र का संचालन भी करेंगे।
बैठक में आगामी सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को व्यवस्थित तरीके से चलाने, राजनीतिक दलों के बीच समन्वय बनाने और विधायी कार्यों के संचालन से जुड़े दिशा-निर्देशों पर चर्चा होगी। शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले इस तरह की बैठक आयोजित करने की परंपरा रही है। इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के प्रतिनिधियों के साथ सदन की कार्यवाही को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
30 नवंबर से शुरू होगा विधानमंडल का शीतकालीन सत्र
बिहार विधानसभा और विधान परिषद का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। दोनों सदनों की बैठक चार दिसंबर 2026 तक चलेगी। बिहार विधानसभा के अष्टादश सत्र के चतुर्थ सत्र और बिहार विधान परिषद के 214वें सत्र का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
इस सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के द्वितीय अनुपूरक बजट पर चर्चा के साथ कई अहम विधायी कार्य किए जाएंगे। संसदीय कार्य विभाग की ओर से सात नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने संविधान के अनुच्छेद 174 के तहत 30 नवंबर को सुबह 11 बजे दोनों सदनों की बैठक बुलाई है। विधानमंडल परिसर में ही दोनों सदनों की कार्यवाही आयोजित होगी।
30 नवंबर को पेश किया जाएगा द्वितीय अनुपूरक बजट
विधानसभा और विधान परिषद में सत्र के पहले दिन यानी 30 नवंबर को शपथ या प्रतिज्ञान ग्रहण (यदि हो), राज्यपाल की ओर से जारी अध्यादेशों की प्रमाणित प्रतियां सदन के पटल पर रखने और वित्तीय वर्ष 2026-27 की द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पेश करने का कार्यक्रम निर्धारित है। पहले दिन शोक प्रकाश भी किया जाएगा।
एक दिसंबर को गैर सरकारी सदस्यों के कार्य के तहत गैर सरकारी संकल्प लिए जाएंगे। इसके बाद दो और तीन दिसंबर को राजकीय विधेयकों सहित अन्य सरकारी कार्य निपटाए जाएंगे। वहीं, चार दिसंबर को द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर सामान्य वाद-विवाद होगा। इसके बाद मतदान और संबंधित विनियोग विधेयक पेश किया जाएगा।
विधान परिषद में भी इसी कार्यक्रम के अनुसार चलेगी कार्यवाही
बिहार विधान परिषद के 214वें सत्र के लिए भी लगभग यही कार्यक्रम तय किया गया है। 30 नवंबर को शपथ या प्रतिज्ञान ग्रहण, अध्यादेशों की प्रमाणित प्रतियां सदन के पटल पर रखने, द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पेश करने और शोक प्रकाश का कार्यक्रम रहेगा।
एक दिसंबर को गैर सरकारी सदस्यों के कार्य होंगे, जबकि दो और तीन दिसंबर को राजकीय विधेयकों और अन्य सरकारी कार्यों को पूरा किया जाएगा। चार दिसंबर को अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान के साथ विनियोग विधेयक से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.