भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की अहम बैठक, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

HIGHLIGHTS
- बैठक में देशभर से 40 से अधिक प्रमुख नेताओं को बुलाया गया।
- युवा मोर्चा के नवनियुक्त और पूर्व अध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुए।
- 17 सितंबर से एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को नई दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और रणनीतिकारों के साथ बंद कमरे में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में युवाओं से जुड़ने के लिए विशेष ‘युवा आउटरीच प्लान’ तैयार करने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात समेत सात राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में देशभर से 40 से अधिक प्रमुख नेताओं को बुलाया गया था।
युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्षों समेत कई दिग्गज हुए शामिल
बैठक में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष हेमांग जोशी के अलावा युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, पूनम महाजन और तेजस्वी सूर्या भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मनसुख मांडविया और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी बैठक में हिस्सा लिया। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता भी चर्चा में शामिल हुए।
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
यह बैठक 17 सितंबर से शुरू होने वाले एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में यह अभियान चलाया जाएगा। 22 अगस्त को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में तय रणनीति के तहत युवाओं, महिलाओं और किसानों समेत समाज के सभी वर्गों तक सीधी पहुंच बनाने पर जोर दिया जाएगा।
14 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता देशभर में 14 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित करने के लिए ‘आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर पर 15 दिवसीय ‘सेवा सेतु अभियान’ शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों को आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ लेने में सहायता दी जाएगी।
युवाओं के लिए नेशनल इनोवेशन चैलेंज
युवाओं को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से भाजपा ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित करेगी। इसके अलावा ‘सेवा में मेरा योगदान’ अभियान भी शुरू किया जाएगा। इसके तहत युवाओं को सफाई अभियान और वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। युवाओं को इन गतिविधियों की रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.