मणिपुर में फिर खूनी हिंसा, दो वाहनों पर उग्रवादियों की गोलीबारी में चार लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को गोलीबारी की घटना हुई।
- संदिग्ध उग्रवादियों ने दो चार पहिया वाहनों को निशाना बनाया।
- हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर मौत हो गई।
इंफाल। मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो वाहनों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह वारदात इंफाल-उखरुल रोड पर स्थित 'न्यू हेवन' इलाके में हुई। यहां हथियारबंद उग्रवादियों ने दो चार पहिया वाहनों पर गोलियां बरसाईं।
अधिकारी ने बताया कि दोनों वाहनों में सवार दो पुरुषों और दो महिलाओं की मौके पर ही जान चली गई। दोनों कारों की विंडशील्ड पर गोली लगने के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।
इससे पहले कांगपोकपी जिले के तापहोउ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेजंग के नजदीकी इलाके में दो विरोधी गुटों के बीच गोलीबारी हुई थी। इस घटना में 42 वर्षीय एक कुकी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि दो पुरुष घायल हुए थे।
मणिपुर में मई 2023 में घाटी के मैतेई और पहाड़ी क्षेत्रों के कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू हुआ था। इस हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।
इस साल फरवरी से पहाड़ी जिलों में कुकी और नागा समुदायों के बीच हुई झड़पों में भी कम से कम 50 लोगों की जान जा चुकी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.