तृणमूल छोड़ने के पांच महीने बाद बदले प्रसून बनर्जी के सुर, ममता खेमे में लौटने के दिए संकेत

HIGHLIGHTS
- हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी ने तृणमूल में वापसी की इच्छा के संकेत दिए हैं।
- तृणमूल छोड़कर एनसीपीआई में शामिल हुए प्रसून को पार्टी छोड़े अभी पांच महीने हुए हैं।
- कोलकाता में प्रियरंजन दासमुंशी की जयंती के कार्यक्रम में उन्होंने कहा, 'मैं फिर वापस आऊंगा।'
कोलकाता। बंगाल में बदलते राजनीतिक हालात के बीच तृणमूल कांग्रेस छोड़कर एनसीपीआई में शामिल हुए हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी के रुख में अब बदलाव के संकेत दिखाई देने लगे हैं। पार्टी से अलग होने के सिर्फ पांच महीने बाद ही उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली ममता तृणमूल में लौटने की इच्छा जाहिर की है।
शुक्रवार को कोलकाता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इसके संकेत दिए। ममता तृणमूल के नेता कुणाल घोष के साथ बैठे प्रसून ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, खेल के मैदान में उन्होंने कई बार दल बदले हैं। फिलहाल वह एक राजनीतिक दल में हैं, लेकिन दोबारा वापस आएंगे।
कब होगी वापसी?
प्रसून बनर्जी के इस बयान को केवल उनकी निजी टिप्पणी के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। बंगाल में तृणमूल के अंदर चल रहे राजनीतिक पुनर्गठन के बीच इसे एक अहम संकेत माना जा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि उनकी वापसी कब होगी और इसके लिए क्या प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
20 सांसदों के साथ एनसीपीआई में शामिल हुए थे प्रसून
2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में बड़ी टूट देखने को मिली थी। एक तरफ ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में विधायकों का अलग गुट सामने आया, वहीं 20 सांसदों ने तृणमूल छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) का साथ थाम लिया था। प्रसून बनर्जी भी इसी समूह का हिस्सा थे।
इस घटनाक्रम के बाद ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने बागी सांसदों की सदस्यता खत्म करने की मांग की थी। अभिषेक बनर्जी ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग उठाई थी। सांसदों के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई का मामला फिलहाल लंबित है।
ममता खेमे में वापसी की राह नहीं आसान
प्रसून के बयान के बीच एक और राजनीतिक घटनाक्रम अहम है। उनकी वापसी की राह आसान नजर नहीं आ रही है। ममता खेमे के वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी पहले ही बागी नेताओं की वापसी का विरोध जता चुके हैं।
उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि अगर ऐसे नेताओं को पार्टी में वापस लिया गया, तो वह पार्टी छोड़ देंगे। ऐसे में प्रसून के बयान के बाद ममता खेमे में उनकी वापसी को लेकर राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर क्या फैसला लिया जाता है, इस पर नजर रहेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.